बड़े की हत्या के बाद अब छोटे भाई के कत्ल का ऐलान,डरे परिवार ने लगाई सुरक्षा की गुहार

मेरठ/उत्तर प्रदेश। मेरठ जिले के हस्तिनापुर के ग्राम लुकादड़ी में अंकित की हत्या करने वाले फरार आरोपियों ने अब छोटे भाई अभिषेक को कत्ल करने का ऐलान किया है। शुक्रवार को अभिषेक ने बहन के साथ अफसरों से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई। अभिषेक की बहन का कहना था कि धमकी के बाद से उनका परिवार घर में कैद रहने को मजबूर है।
एसपी देहात कमलेश बहादुर के कार्यालय पहुंचे अभिषेक ने बताया कि 3 दिसंबर को गांव के ही अरिहंत, मुकेश, बबलू और उदयवीर ने उसके भाई अंकित की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। उनकी ओर से सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने दो दिन बाद दो आरोपी अरिहंत और बबलू गिरफ्तार कर जेल भेज दिये। जबकि मुकेश और उदयवीर को पुलिस फरार बता रही है।
अभिषेक ने बताया कि मुकेश और उदयवीर गांव में खुले घूम रहे हैं। उनके द्वारा समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। समझौता न करने पर कत्ल की धमकी दी गई है। साफ कहा है कि अगर उन्हें जेल जाना है तो वह उसका कत्ल करके ही जेल जाएंगे।
अभिषेक की बहन का कहना था कि हत्या के बाद गांव में पीएसी तैनात थी, जो अब हटा दी गई है। इस ऐलान के बाद उनका परिवार दहशत में है और घर से बाहर नहीं निकल पा रहा है। जिस तरह उन्होंने धमकी दी है, उसे देखकर लगता है कि उनके मन में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो भी अपलोड की हैं, जो अपने आप में अपराध है।
एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि जल्द ही पीएसी वहां दोबारा लग जाएगी। जहां तक आरोपियों की गिरफ्तारी की बात है तो संभावित स्थानों पर दबिश के आदेश दे दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button