हरियाणा के यमुनानगर में आसमान से गिरा आर्मी का पेलोड, लोगों में दहशत का माहौल

यमुनानगर/हरियाणा। हमीदा हैड के नजदीक पश्चिमी यमुना नहर में अचानक आसमान से एक पैराशूट जैसा फ्लाइंग ऑब्जेक्ट आकर गिर गया। यह ऑब्जेक्ट आटोमोशन पर था जिसे अपने आप हिलडुल करता देख लोगों के होश उड़े हुए हैं। देखते ही देखते यह बात जंगल में आग की तरह फैल गई और जिले में चारों ओर सनसनी फैलने लगी। भनक लगते ही पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। जिस जगह पर यह पेलोड गिरा था वहां लोगों की भारी भीड़ जमा होने लगी। पुलिस ने भीड़ को अफवाहों पर ध्यान न देकर शांत रहने के लिए समझाने का प्रयास किया।
लोगों के मुताबिक यह पेलोड आसमान से तेजी से आया और अचानक पश्चिमी यमुना नहर में गिर गया। देखने में यह पैराशूट की तरह ही नजर आ रहा है जिसके साथ एक बड़ा बॉक्स बंधा हुआ था। बॉक्स में क्या था इस बारे फिलहाल तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यमुनानगर डीएसपी अभिलक्ष जोशी ने बताया कि यह शायद किसी मॉक ड्रिल का हिस्सा हो सकता है। विभिन्न पुलिस अधिकारी इस संबंध में संबंधित विभागों से संपर्क साध रहें हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल तक पहली नजर में इस पेलोड से डरने की या दहशत में आने की जरूरत नहीं है। लेकिन फिर भी पब्लिक को पेलोड के करीब जाने से रोका जा रहा है।




