खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना, जल स्तर 206 के पार, लोहा पुल से ट्रेनों की आवाजाही बंद

दिल्ली ब्यूरो। हथिनी कुंड से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने और तीन दिनों तक हुई मूसलधार वर्षा से यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। सोमवार शाम को यह खतरनाक स्तर 205.33 मीटर और रात 11 बजे 206 मीटर के ऊपर पहुंच गया।
मंगलवार सुबह छह बजे जल स्तर 206.35 व आठ बजे 206.32 मीटर दर्ज की गई। कल शाम से यमुना के लोहा पुल पर ट्रेनों गति प्रतिबंधित कर अधिकतम 20 किलोमीटर प्रति घंटे कर दी गई थी।
लोहा पुल से ट्रेनों की आवाजाही बंद
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंगलवार सुबह छह बजे इस पुल से ट्रेनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने कहा कि यमुना में लगातार बढ़ रहे जल स्तर के कारण लोहा पुल को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है।
पुरानी दिल्ली से शाहदरा होते हुए गाजियाबाद जाने वाली ट्रेनों को नई दिल्ली- तिलक ब्रिज-आनंद विहार-साहिबाबाद के रास्ते चलाया जा रहा है। सुबह नौ बजे तक 14 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। दिन में कई अन्य ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किए जाने की संभावना है।
कोई ट्रेन निरस्त नहीं
सुबह कोई भी ट्रेन निरस्त नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि यदि लोहा पुल नहीं खुला तो कुछ ट्रेनों को निरस्त करने का फैसला लिया जा सकता है, क्योंकि मार्ग बदलने से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन-आनंद विहार रेल खंड पर ट्रैफिक बढ़ रहा है।
वहीं, पंजाब व हरियाणा में जलभराव से ट्रैक को नुकसान पहुंचने के कारण कालका शताब्दी, अंब अंदौरा वंदे भारत व जम्मूतवी राजधानी सहित कई ट्रेनें निरस्त कर दी गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button