प्रेम संबंध के लिए पत्नी ने पति की कराई हत्या, ऋषिपाल मर्डर केस में वांटेड आरोपी गिरफ्तार

नोएडा। कोतवाली सेक्टर-126 पुलिस ने दक्षिणी दिल्ली के ऋषिपाल शर्मा हत्याकांड में वांछित चल रहे हत्यारोपित मेंहदी हसन को गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं। नोएडा पुलिस इसे पिछले एक वर्ष से खोज रही थी।
पीछे से आकर मार दी गोली
गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम भी रखा था। हत्याकांड में पुलिस मृतक की पत्नी पूजा समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि 10 मई 2022 की शाम करीब चार बजे प्रह्लादपुर मार्केट दिल्ली के ऋषिपाल शर्मा स्कूटी से अपने घर जा रहे थे। सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा बिल्डिंग के पास दो बाइक सवार लोगों ने पीछे से आकर गोली मार दी।
चार दिनों के बाद अस्पताल में तोड़ा दम
चार दिन तक अस्पताल में उपचार चला, लेकिन 14 मई को ऋषिपाल सिंह ने दम तोड़ दिया। इस संबंध में मृतक की पत्नी पूजा, पुत्र विशाल और शूटर अकील को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तब से सुपारी किलर मेंहदी हसन को पुलिस तलाश कर रही थी। सोमवार को पुलिस ने जिंदल फार्म हाउस पुश्ता रोड सेक्टर-127 के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी ने ही कराई थी हत्या
पूछताछ में मेंहदी हसन ने बताया कि अकील उसका रिश्तेदार है। अकील और पूजा के बीच प्रेम संबंध हैं। पूजा ने अकील के साथ रहने और ऋषिपाल की संपत्ति लेने के लिए उसकी हत्या कराई थी। इसके लिए पूजा और विशाल ने एक लाख रुपये और तमंचा लाकर दिया था। पुलिस के मुताबिक, मेंहदी हसन के खिलाफ अलीगढ़ और हाथरस के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वह हाथरस के सिकंद्राराऊ थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button