दिल्ली में होगी कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप, 35 देशों के खिलाड़ी लेंगे हिस्‍सा

दिल्‍ली के त्‍यागराज स्‍टेडियम में 27 जुलाई से 2 अगस्‍त 2026 तक कॉमनवेल्‍थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन होगा। इसमें 35 देशों के खिलाड़ी हिस्‍सा लेंगे।

स्पोर्ट्स डेस्क/नई दिल्ली। 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप इस बार दिल्ली में आगामी 27 जुलाई से दो अगस्त के बीच त्यागराज स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इस चैंपियनशिप में 35 से अधिक देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की घोषणा करते हुए कहा कि दिल्ली लंबे समय से ऐसे खेल आयोजनों की सफल मेजबानी करती रही है। यह चैंपियनशिप उसी परंपरा को और मजबूत करेगी। दिल्ली सरकार और टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया संयुक्त रूप से इसका आयोजन कर रहे हैं।
राजधानी में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की वापसी का इसे प्रतीक माना जा रहा है। चैंपियनशिप में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका सहित कई कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। सात दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला दो अगस्त को खेला जाएगा।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से न केवल दिल्ली की वैश्विक पहचान मजबूत होगी, बल्कि युवाओं में भी खेलों के प्रति रुचि और भागीदारी बढ़ेगी। इस आयोजन को दिल्ली सरकार के विजन 2036 ओलंपिक के तहत एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी में विश्वस्तरीय खेल ढांचा विकसित किया जाए और अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button