दिल्ली पुलिस गजब कारनामा, मृत ऑफिसर को सौंप दिया कार चोरी का केस

राजीव कुमार गौड़,(नई दिल्ली)। दिल्ली पुलिस ने चोरी हुई लग्जरी कार तलाशने और केस की जांच एक ऐसे आईओ को सौंप दी, जो दो साल से इस दुनिया में हैं ही नहीं। इसे आप तकनीकी गलती कहिए या लापरवाही, मगर यह अनोखा कारनामा विकासपुरी थाने की पुलिस से हुआ। यहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की डिजिटली लॉक्ड कार चोरी हुई। घटना सीसीटीवी में कैद हुई। पीड़ित ने विकासपुरी थाने में जाकर एफआईआर दर्ज कराई। तकरीबन एक महीने बाद पीड़ित को दर्ज एफआईआर का मेसेज और संबंधित आईओ का नाम, डेजिग्नेशन और कॉन्टैक्ट नंबर मिला। पीड़ित ने आईओ के नंबर पर संपर्क किया तो जो सुना उससे वह हैरत में पड़ गया। मालूम चला कि उसके केस में जिसे आईओ बनाया गया है, उनका दो साल पहले ही निधन हो गया। इसके बाद फिर से पीड़ित थाने पहुंचा। पूरा किस्सा बताया। थाने लेवल से भूल सुधार कर दूसरे आईओ को जांच सौंपी गई।

5 अप्रैल को चोरी हुई थी कार
पुलिस सूत्रों और पीड़ित के मुताबिक, अभिषेक परिवार के साथ विकासपुरी में रहते हैं। सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। पिता बिजनेसमैन हैं। अभिषेक ने बताया कि, उन्होंने करीब दस महीने पहले जीप कंपास लिमिटेड कार 14 लाख में खरीदी थी। 5 अप्रैल की रात गुरुग्राम से आ रहे थे। लौटने में आधी रात हो चुकी थी। कार घर के पास लाल मार्केट में खड़ी कर दी। घर आ गए। सुबह जब उठे तो पार्किंग से कार गायब थी। पास ही एक शॉप के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। इसमें रात को करीब 2 बजे स्विफ्ट कार से दो लोग आते दिखाई देते हैं। कार की लॉक्ड कोडिंग को क्रैक कर ले जाते हुए दिखाई देते हैं।
मृत पुलिसकर्मी को असाइन कर दिया केस
उसी शाम विकासपुरी थाने एफआईआर दर्ज कराई। तब केस का कोई आईओ नहीं बना था। चार दिन पहले मोबाइल पर मेसेज आया कि आपके आईओ असाइन हुए हैं। अभिषेक ने कॉल किया। उनके भाई ने फोन उठाया। बताया, भैया दो साल पहले ही एक्सपायर हो गए। हो सकता है सिस्टम में अपडेट नहीं हुआ हो। आप डेथ सर्टिफिकेट ले जाकर थाने जाओ, वहां से आईओ चेंज हो जाएगा। अभिषेक थाने पहुंचे। इसके बाद आईओ चेंज हो सका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button