कार चलाना सीख रहे किशोर ने ई-रिक्शा को मारी जोरदार टक्‍कर, स्‍कूल जा रही बच्ची की मौत, पांच गंभीर

 कानपुर,(उत्तर प्रदेश)।  कार चलना सीख रहे एक नाबालिग ने सोमवार सुबह स्कूली बच्चों से भरे एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में 6 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक बच्ची को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं नाबालिग और ड्राइविंग सिखा रहे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर कार को कब्ज़े में लिया है। वारदात नवाबगंज थाना क्षेत्र के डॉल्फिन चौराहे के पास की है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर एक बड़े घर के लड़के को कार चलाना सिखा रहा था।

बता दें कि डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि नवाबगंज में पढ़ने वाले 6 बच्चे सोमवार सुबह ई-रिक्शा से स्कूल जा रहे थे। डॉल्फिन चौराहे पर तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद भागने के चक्कर में ज़मीन पर गिरी एक बच्ची को कुचल दिया। इससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 5 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं हादसे के बाद राहगीरों और मोहल्ले के लोगों ने कार चालक को दौड़ाकर दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

गौरतलब है कि मृतक की पहचान मकड़ीखेड़ा निवासी कल्पना (12) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना पर सभी के परिजन सर्वोदय नगर स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। वहीं मृतक बच्ची के परिवार में कोहराम मच गया। सूत्र बताते हैं कि ड्राइवर एक बड़े घर के नाबालिग को कार सिखा रहा था। इस दौरान कार अनियंत्रित होने से हादसा हो गया। फिलहाल ड्राइवर और नाबालिग हिरासत में हैं। परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button