उमेश पाल मर्डर केस में पहला एनकाउंटर, प्रयागराज में पुलिस ने शूटर अरबाज को मार गिराया

प्रयागराज,(उत्तर प्रदेश)। राजू पाल मर्डर केस के गवाह उमेश पाल की हत्या से जुड़ा बड़ा अपडेट आया है। इस मामले में पहला एनकाउंटर करते हुए पुलिस ने प्रयागराज के धूमनगंज में शूटर अरबाज को ढेर कर दिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। उमेश पाल हत्याकांड के समय अरबाज ही वारदात में इस्तेमाल क्रेटा कार चला रहा था। घटना के खुलासे के लिए एसटीएफ और पुलिस की 10 से अधिक टीमें लगी हैं। अतीक की पत्नी और दो बेटों से लगातार पूछताछ की जा रही है। जिस बेटे के घटना में शामिल होने की बात सामने आई है वह फरार है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान अरबाज के दो साथी भागने में कामयाब रहे। अरबाज अतीक अहमद का करीबी गुर्गा था।
आपको बता दें कि पिछले शुक्रवार को ये हत्याकांड हुआ था और पांच दिन बाद सोमवार को पुलिस ने एनकाउंटर में एक शूटर को गोली मार ढेर कर दिया। बताया जा रहा है कि दबिश के दौरान अरबाज ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। यह एनकाउंटर धूमनगंज के नेहरू पार्क इलाके में हुआ है।
उमेश पाल हत्याकांड के बाद यूपी की जेलों में बंद अतीक अहमद के भाई अशरफ, बेटे अली और उमर अहमद और साले मोहम्मद जकी की निगरानी और सख्त कर दी गई है। अशरफ बरेली के जिला कारागार में बंद है तो उमर अहमद लखनऊ की जेल में है। इन सबसे मिलने आने वालों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। अतीक का दूसरा बेटा अली अहमद प्रयागराज की नैनी जेल में बंद है। दूसरी ओर, अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद अतीक अहमद से मुलाकात करने वालों का भी ब्यौरा जुटाया जा रहा है।
यूपी के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत सिंह ने कहा कि उमेश पाल मर्डर केस का एक भी आरोपी बख्शा नहीं जाएगा। जल्द सभी हमलावर पकड़े जाएंगे। अपराधियों पर यूपी सरकार की जीरो टालरेंस नीति है। मारे गए शूटर अरबाज का पिता अतीक अहमद का गाड़ी चलाता था। गौरतलब है कि यूपी विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि हम माफियाओं के खिलाफ हैं और उन्हें मिट्टी में मिला देंगे। सपा ने ही अतीक अहमद को प्रश्रय दिया है। हम किसी माफिया को नहीं छोड़ेंगे। सपा माफियाओं की पोषक है। राजूपाल हत्याकांड में अतीक अहमद दोषी है और उसे सपा ने विधायक बनाकर प्रश्रय दिया।




