पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता को पुलिस हिरासत में कथित तौर पर थप्पड़ मारने को लेकर जुबानी जंग

कोलकाता,(एजेंसी)। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार उनकी (भाजपा) पार्टी के नेता को पुलिस हिरासत में थप्पड़ मारने के आरोप को लेकर वाकयुद्ध छिड़ गया है। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि पूर्व मेदिनीपुर जिले के सुताहटा थाने के दो अधिकारियों ने हल्दिया नगर पालिका के पूर्व पार्षद सत्यब्रत दास को हिरासत के दौरान थप्पड़ मारा था। दास को 19 अक्टूबर को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। शुभेंदु के करीबी माने जाने वाले दास नगर पालिका की निविदा समिति के अध्यक्ष थे।

शुभेंदु ने कहा, ‘‘दास को झूठे मामले में फंसाया गया। जिन अधिकारियों ने उन्हें थप्पड़ मारा था, उन्हें उनके (दास) पैर छूने होंगे। अगर मैं ऐसा करवाने में सफल नहीं हो पाया, तो मेरा नाम शुभेंदु अधिकारी नहीं। मैं अपना नाम बदल दूंगा।’’ बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, राज्य के एक मंत्री फिरहाद हाकीम ने बृहस्पतिवार को कहा कि शुभेंदु को जल्द ही अपना नाम बदलना होगा। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘मुझे आश्चर्य है कि उनका नया नाम क्या होगा।’’ हाकीम ने दावा किया कि अधिकारी गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं और दास को उनके खिलाफ विशिष्ट आरोपों के आधार पर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। थप्पड़ मारने के आरोप पर जिला पुलिस ने प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button