कड़ी सुरक्षा के बीच इंडिया एक्सपो मार्ट में वर्ल्ड डेरी समिट का शुभारंभ करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

ग्रेटर नोएडा। कड़ी सुरक्षा के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हेलीकाप्टर से सोमवार सुबह साढ़े दस बजे नालेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में वर्ल्ड डेरी समिट का शुभारंभ करने पहुंचे। जीबीयू में रात्रि प्रवास पर रूके उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीएम के आगमन से एक घंटे पहले साढ़े नौ बजे एक्सपो मार्ट पहुंचे। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से टाइट रही। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था में धार दिखी।

पुलिस की तेज रफ्तार के चलते सड़क पर जाम नहीं लगा। किसान चौक समेत अन्य गोलचक्कर पर जाम फ्री होने के चलते शहर के लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर पुलिस की योजना की सराहना की। हर 100 मीटर पर पुलिसकर्मी तैनात दिखे। कार्यक्रम स्थल के आस-पास पुलिस का पहरा रहा। किसी भी वाहन को बिना जांच के प्रवेश नहीं दिया गया।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में आने वाले लोगों की गेट पर बारीकी से जांच की गई। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने खुद सुरक्षा की कमान संभाल रखी थी। वह कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्था का जायजा लेते रहे। आगंतुकों को किसी प्रकार के शस्त्र, मादक पदार्थ लाने की अनुमति नहीं दी गई। रविवार देर रात से ही पुलिसकर्मी ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंच गए। शाम छह पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जब एक्सपो मार्ट तो उनकी सुरक्षा चुस्त रही। रात नौ बजे तक ड्यूटी पर पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

कार्यक्रम स्थल के आस-पास सुरक्षा ऐसी रही कि कोई भी व्यक्ति बिना जांच के प्रवेश नहीं कर पाया। प्रधानमंत्री, गृहमंत्री व मुख्यमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर 12 आइपीएस, 16 डीएसपी, 47 निरीक्षक, 500 सब इंस्पेक्टर, डेढ़ हजार पुरूष सिपाही, पांच सौ महिला पुलिसकर्मी, 30 एटीएस कमांडो, 300 यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button