आठ माह की गर्भवती को पति ने चाकू से गोदा, मां बच्चे की मौत

गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र के मोरटी गांव में रविवार देर रात निजी कंपनी कर्मी ने चाकू से हमला कर आठ माह की गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी। महिला के साथ उसके अजन्मे बच्चे की भी कोख में ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपित ने ससुराल में फोन करके वारदात की जानकारी दी और सुबह तड़के थाने में सरेंडर कर दिया। महिला के पिता ने दामाद समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
टीला मोड़ के लक्ष्मी गार्डन के रहने वाले रमेश पाल डेयरी संचालक हैं। उन्होंने अपनी बेटी तन्नू की शादी जुलाई 2016 को मोरटी गांव के अंकित पाल के साथ की थी। अंकित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर तन्नू को प्रताड़ित करने लगे थे। वह 10 लाख रुपये और स्कार्पियो मांग रहे थे। रमेश का कहना है कि उनकी बेटी ने पुत्री को जन्म दिया तो ससुराल के लोग उसका अधिक उत्पीड़न करने लगे थे।




