सुप्रीम कोर्ट के वकील को ‘सर तन से जुदा’ की धमकी मिलने पर केस दर्ज

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट विनीत जिंदल की शिकायत पर आदर्श नगर पुलिस ने धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एडवोकेट विनीत जिंदल का कहना है कि उनके घर किसी ने एक लेटर भेजा है, जिस पर ‘सर तन से जुदा’ करने की धमकी दी गई है। उन्होंने अपने और परिवार की जान को खतरा बताया। इस संबंध में पीसीआर कॉल भी हुई। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विनीत को किसने और क्यों धमकी दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि, विनीत जिंदल ने इस संबंध में मंगलवार रात ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने कहा कि ‘आज जिहादियों ने मेरा भी सर तन से जुदा करने की धमकी दी। मेरे घर पर भेजा गया यह। मेरी और मेरे परिवार की जान को खतरा है। यह बात पहले ही दिल्ली पुलिस मान चुकी है। सीपी दिल्ली और डीसीपी नॉर्थ वेस्ट से आग्रह है कि इस पर कार्रवाई करें। उन्होंने ट्वीट के साथ एक कागज भी शेयर किया है जिस पर लिखा है, ‘अल्लाह का पैगाम है विनीत जिंदल तेरा भी सर तन से जुदा करेंगे जल्द ही’।

जांच टीम से जुड़े सूत्रों का कहना है कि, धमकी भरा कागज फेंकने वाले को विनीत के घर के बारे में पूरी जानकारी थी, तभी उसने इस तरह से विनीत जिंदल के घर में कागज फेंका कि वह सीसीटीवी से बच सके। बता दें कि विनीत ने पिछले दिनों हिंदू देवी-देवताओं के अपमान का आरोप लगाते हुए अजमेर दरगाह से जुड़े चिश्ती के बेटे के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button