कानपुर देहात में दबंगों का दुस्साहस, छेड़खानी में हुए नाकाम तो काट दी किशोरी की नाक और कलाई

कानपुर देहात,(उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक घर में घुसे दबंगों ने किशोरी को जबरन उठाने का प्रयास किया। जब वे ऐसा नहीं कर सके तो दबंगों ने धारदार हथियार से किशोरी पर हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरीके से जख्मी हो गई। उसकी नाक और कलाई से खून बहने लगा और वह दर्द से चिल्लाने लगी। किशोरी की आवाज सुनकर घबराकर आसपास के लोग घर की तरफ दौड़े तो आरोपी दबंग मौके से फरार हो गए। वहीं मौके पर पहुंचे परिजन और पड़ोसियों ने आनन-फानन में युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए कानपुर के हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।

कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत घर को सुनसान देखकर दुष्कर्म के इरादे से क्षेत्र में रहने वाला दबंग गोलू अपने साथियों के साथ जबरन किशोरी के घर में दाखिल हुआ और घर में मौजूद किशोरी के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। वहीं जब किशोरी ने इसका विरोध किया तो उन दबंगों ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में किशोरी की नाक बुरी तरह से जख्मी हो गई, जिसके बाद दर्द से चिल्ला रही किशोरी की आवाज सुनकर पड़ोसी घर के अंदर पहुंचे तो आरोपी मौका पाकर फरार हो गए।
पड़ोसियों ने परिजन को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन के साथ पड़ोसियों ने पहले किशोरी को सीएससी में भर्ती कराया लेकिन वहां से डॉक्टरों ने किशोरी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंची किशोरी का प्राथमिक उपचार कर उसकी हालत गंभीर देखते हुए तत्काल प्रभाव से कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी रूरा प्रवीण कुमार ने बताया कि परिजनों से मिली सूचना के अनुसार मामले की जांच पड़ताल करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं क्षेत्राधिकारी अकबरपुर प्रभात कुमार ने बताया कि थाना रूरा क्षेत्र के ग्राम हसनापुर में विवाद हुआ था जिसमें किशोरी की नाक में चोट आई थी। डॉक्टरों के द्वारा फैक्चर बताया गया है उसका इलाज चल रहा है और परिजनों की तरफ से तहरीर दी गई है। उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button