चीन के नागरिकों के चार मददगार गिरफ्तार, यूपी एसटीएफ करेगी जांच

नोएडा ब्यूरो। अवैध रूप से भारत में रहने वाले चीन के नागरिकों के चार मददगारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हवाला समेत अन्य मामलों में वांछित और मामले के मास्टरमाइंड बताए जा रहे रवि नटवरलाल ठक्कर और उसके साथी पुष्पेंद्र को दिल्ली के गौतम नगर से गिरफ्तार किया गया। जबकि घरबरा के गेस्ट हाउस के चाइनीज क्लब की मैनेजर असम निवासी हैलूंग नेइले नेवमें उर्फ एलन और कानपुर देेहात निवासी प्रदीप को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया गया।मामले में घरबरा गांव के गेस्टहाउस में अवैध रूप से पब और आदि संचालित होने के मामले में हलका इंचार्ज दरोगा दीपक, सिपाही प्रमोद और मोहित को लाइन हाजिर कर दिया गया है। देश की सुरक्षा से जुड़े इस मामले की जांच यूपी एसटीएफ को सौंप दी गई है। अब तक बीटा-2 थाना पुलिस इसकी जांच कर रही थी। अधिकारियों के मुताबिक यूपी एसटीएफ को केस से संबंधित दस्तावेज जल्द सौंप दिए जाएंगे। आरोपी को बीटा-2 लाने के बाद सोमवार सुबह से ही केंद्र स्तर की एजेंसी, आईबी, एसटीएफ, जीएसटी आदि के अधिकारी वहां पहुंच गए और गहनता से पूछताछ में जुट गए।
पुलिस के मुताबिक, 11 जून को बिहार के इंडो-नेपाल बार्डर से सीमा सुरक्षा बल ने चीन के दो नागरिकों लु लैंग और यूं हेलंग को जासूसी के शक में गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों के ग्रेनो की पॉश सोसाइटी जेपी ग्रींस के फ्लैट निवासी चीन के नागरिक जू फाई उर्फ कैरी के पास रुकने की बात सामने आई थी। पुलिस ने मामले की जांच कर जू फाई और उसकी महिला मित्र पटेखे रेनुओ को गुरुग्राम के होटल से गिरफ्तार किया। रिमांड पर पूछताछ में घरबरा के गेस्ट हाउस में अवैध रूप से चल रहे पब और कसीनो का खुलासा हुआ। यहां चीन के नागरिकों के मौज मस्ती के लिए 30 से अधिक पूर्वोत्तर की युवतियों के काम करने की जानकारी मिली।
पुलिस चीन के नागरिकों के मददगार रवि नटवरलाल की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने उसके फ्लैट में भी दबिश देकर वहां से बीएमडब्ल्यू कार, पांच करोड़ का कैंसिल चेक आदि बरामद किया था। पुलिस पूरे मामले का सूत्रधार रवि नटवरलाल को मान रही थी। शनिवार को उसका लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। पुलिस की कई टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। गंभीर मामले में डीसीपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन से बीट के सिपाही से लेकर थानेदार की भूमिका की जांच के आदेश दिए थे। हालांकि जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।
मंगेतर की मदद से पकड़ा गया




