वृंदावन में मरम्मत के दौरान तीन मंजिला गेस्ट हाउस का छज्जा गिरा, महिला मजदूर की मौत; एक गंभीर

धर्म नगरी वृंदावन में एक गेस्ट हाउस के छज्जे के गिरने से बड़ा हादसा हुआ। इस हादसे में एक महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी ओर, एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मथुरा,उत्तर प्रदेश। धर्मनगरी वृंदावन में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कृपालु महाराज के पुराने आश्रम के पास स्थित तीन मंजिला गेस्ट हाउस में मरम्मत कार्य के दौरान अचानक छज्जा भरभराकर गिर गया। छज्जे पर काम कर रहे दो मजदूर नीचे आ गिरे। हादसे में महिला मजदूर रचना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कप्तान नामक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, चिंटू गौतम के तीन मंजिला गेस्ट हाउस में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक इमारत का छज्जा टूटकर नीचे गिर पड़ा। छज्जे के साथ ही वहां ऊंचाई पर काम कर रहे दोनों मजदूर भी नीचे आ गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू करते हुए दोनों मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रचना को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि गेस्ट हाउस की तीन मंजिला इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था, तभी छज्जा टूटने से दो मजदूर नीचे गिर गए। महिला मजदूर की मौत हो गई है, जबकि घायल मजदूर का उपचार जारी है।
पुलिस ने रचना के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन यह भी पता लगा रहा है कि मरम्मत कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में यदि किसी तरह की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button