कुशीनगर में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे सीएम योगी, बच्चों को गोद में लेकर दुलारा
कुशीनगर में बाढ़ के बीच सीएम योगी राहत शिविर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को गोद में लेकर दुलारा, चॉकलेट दी और उनका हालचाल पूछा।

कुशीनगर,उत्तर प्रदेश। नारायणी नदी के बढ़ते जलस्तर और एपी तटबंध टूटने से बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर पहुंचकर प्रभावित परिवारों का हाल जाना। उन्होंने राहत शिविर में बच्चों से मुलाकात की, उन्हें गोद में लेकर दुलारा और चॉकलेट देकर उनका हालचाल पूछा। मुख्यमंत्री के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से राहत शिविर में मौजूद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान नजर आई।
तमकुहीराज क्षेत्र में एपी तटबंध टूटने के बाद कई गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचा है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर बेदूपार इंटर कॉलेज में राहत शिविर बनाया है। मुख्यमंत्री ने शिविर में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं जानीं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से राहत-बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत कार्यों में तेजी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं, आवास और मुआवजे से जुड़े प्रबंधों की भी जानकारी ली तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
तटबंध टूटने के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और बाढ़ के प्रभाव को नियंत्रित करने के लिए अभियान जारी है।




