गणेश पूजा के दौरान धर्मशाला की रेलिंग गिरी, महिला की मौत, नौ श्रद्धालु घायल

सीतापुर के आर्यनगर स्थित पंजाबी धर्मशाला में गणेश पूजा के दौरान बारिश के पानी के भार से तीसरी मंजिल की रेलिंग तिरपाल के साथ टूटकर श्रद्धालुओं पर गिर गई। हादसे में करीब 9 लोग घायल हुए।

सीतापुर,उत्तर प्रदेश। सीतापुर में कोतवाली क्षेत्र के आर्यनगर स्थित पंजाबी धर्मशाला में बुधवार दोपहर गणेश पूजा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज बारिश के बीच आंगन में लगे तिरपाल पर पानी जमा होने से उसका भार बढ़ गया, जिसके बाद तीसरी मंजिल की रेलिंग तिरपाल के साथ टूटकर नीचे पूजा कर रहे श्रद्धालुओं पर जा गिरी। हादसे में करीब नौ श्रद्धालु घायल हो गए। उपचार के दौरान 38 वर्षीय उमा कपूर की जिला अस्पताल में मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार धर्मशाला में करीब डेढ़ फीट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई और पानी तिरपाल पर जमा होने लगा। भार बढ़ने के बाद तीसरी मंजिल की रेलिंग तिरपाल के साथ टूटकर नीचे गिर गई। हादसे के बाद धर्मशाला परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में निधि गोली, कनिका गुप्ता, आदर्श गुप्ता, बिच्री कोहली, तरुण कोहली, अदिति वाजपेई, उत्तरी बल्लू वाजपेई, सभासद विजयलक्ष्मी नगर और नीति मल्होत्रा समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपत आर और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल समेत प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर गुरु, कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही और भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
पुलिस और प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बारिश का पानी तिरपाल पर जमा होने से भार बढ़ने और रेलिंग के टूटकर गिरने की बात सामने आई है। धर्मशाला की निर्माण एवं सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे की वास्तविक वजह और किसी प्रकार की लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button