अमर होने की चाह में ब्रायन जॉनसन का अनोखा प्रयोग, फ्रीजर में जमा कर रहे गर्लफ्रेंड के पीरियड का खून
मल्टी-मिलियनेयर टेक एंटरप्रेन्योर ब्रायन जॉनसन अपने एंटी-एजिंग प्रोजेक्ट के लिए चर्चा में रहे हैं, जिसे वे खुद कड़ाई से फॉलो करते हैं। वह मौत से बचने को कई तरह के प्रयास कर रहे हैं।

वॉशिंगटन,एजेंसी। अमेरिकी तकनीकी उद्यमी ब्रायन जॉनसन उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने और लंबे समय तक स्वस्थ रहने के लिए किए जा रहे अपने असामान्य प्रयोगों को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। 48 वर्षीय जॉनसन का दावा है कि वह अपनी जैविक उम्र को नियंत्रित करने के लिए खान-पान, नींद, व्यायाम, सप्लीमेंट और नियमित स्वास्थ्य जांच समेत कई तरह के प्रयोग करते हैं। वह अपने स्वास्थ्य से जुड़े अनेक जैविक संकेतकों की नियमित निगरानी भी कराते हैं।
जॉनसन की दिनचर्या काफी सख्त बताई जाती है। वह सुबह करीब चार बजे उठते हैं, दिन के शुरुआती हिस्से में अपना भोजन पूरा कर लेते हैं और रात करीब आठ बजे सो जाते हैं। उनके स्वास्थ्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सप्लीमेंट और अन्य उत्पाद शामिल हैं। जॉनसन का दावा है कि वह अपने शरीर से जुड़े अधिक से अधिक जैविक आंकड़ों की निगरानी करते हैं, ताकि उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को बेहतर तरीके से समझा जा सके।
हाल में जॉनसन ने सोशल मीडिया पर अपनी 30 वर्षीय साथी केट टोलो से जुड़े एक प्रयोग की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि टोलो के मासिक धर्म के दौरान प्राप्त नमूनों को बेहद कम तापमान वाले फ्रीजर में सुरक्षित रखा जा रहा है। उनके अनुसार इन नमूनों का वैज्ञानिक परीक्षण करने की योजना है। जॉनसन का कहना है कि मासिक धर्म के दौरान प्राप्त जैविक नमूने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े कई पहलुओं को समझने में उपयोगी हो सकते हैं।
जॉनसन और टोलो इन नमूनों के माध्यम से हार्मोन संबंधी गतिविधियों और पर्यावरणीय कारकों के संभावित प्रभावों समेत विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करने की बात कह रहे हैं। जॉनसन के अनुसार टोलो अपने मासिक धर्म चक्र से जुड़े बड़ी संख्या में आंकड़े भी एकत्र कर रही हैं। उनका दावा है कि इस परियोजना की निगरानी चिकित्सकों और विशेषज्ञों की एक टीम कर रही है।
यह पहली बार नहीं है जब जॉनसन ने अपने स्वास्थ्य संबंधी प्रयोगों में जैविक नमूनों का इस्तेमाल किया है। इससे पहले वह युवा व्यक्ति से प्राप्त प्लाज्मा को अपने शरीर में चढ़वाने को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। हालांकि ऐसे प्रयोगों की उपयोगिता और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया पर उनके प्रभाव को लेकर वैज्ञानिक समुदाय में व्यापक सहमति नहीं है।
जॉनसन स्वास्थ्य और दीर्घायु से जुड़े उत्पादों के कारोबार से भी जुड़े हैं। वह अपनी कंपनी के माध्यम से ऐसे पूरक उत्पाद बेचते हैं, जिनके बारे में लंबे और स्वस्थ जीवन में मदद करने के दावे किए जाते हैं। जॉनसन का कहना है कि इन उत्पादों को उनके स्वयं पर किए गए लंबे प्रयोगों और स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों के आधार पर विकसित किया गया है।
उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को रोकने और मानव जीवन को बेहद लंबा करने के जॉनसन के प्रयासों पर वैज्ञानिकों की राय अलग-अलग है। भौतिक विज्ञानी जिम अल-खलीली सहित कुछ विशेषज्ञों ने मनुष्य के हमेशा जीवित रहने की संभावना को अव्यावहारिक बताया है। विशेषज्ञों के अनुसार उम्र बढ़ने और मानव जीवन की अधिकतम सीमा से जुड़े कई सवाल अभी भी वैज्ञानिक शोध का विषय हैं। जॉनसन अपने प्रयोगों के जरिए इन सीमाओं को समझने और उन्हें चुनौती देने की कोशिश करने का दावा करते हैं।




