नंद नगरी में घर पर फायरिंग के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में एक घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान 36 वर्षीय आजिम खान और 25 वर्षीय इमरान उर्फ राहुल के रूप में हुई है। दोनों को सुंदर नगरी इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, चार सितंबर को स्कूटी सवार दो लोगों ने नंद नगरी इलाके में एक व्यक्ति के घर पर फायरिंग की थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात का उद्देश्य घर में डर का माहौल पैदा करना था। घटना के बाद नंद नगरी थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इंस्पेक्टर दीपक पांडेय के नेतृत्व में टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में इलाके के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी जांच और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने सुंदर नगरी इलाके में दबिश देकर आजिम खान को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के बाद उसके साथी इमरान उर्फ राहुल को भी पकड़ लिया गया। दोनों से फायरिंग की घटना के संबंध में पूछताछ कर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इमरान के खिलाफ पहले से चोरी के दो मामले दर्ज हैं। वहीं आजिम खान नंद नगरी थाने का घोषित अपराधी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी, दुष्कर्म, अपहरण, चोरी और शस्त्र अधिनियम समेत नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और वारदात के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button