यूक्रेन पर रूस का बड़ा ड्रोन हमला, 37 लोगों की मौत; 50 रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त
रूस के ड्रोन हमले में कीव के पास एक गोदाम में हुए विस्फोट में 37 लोग मारे गए और कई घायल हुए। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने गोला-बारूद भंडारण में लापरवाही बरतने वालों को दंडित करने की बात कही है।

कीव/एजेंसी। यूक्रेन की राजधानी कीव के नजदीक एक गोदाम पर रूस के ड्रोन हमले से हुए विस्फोट में 37 लोग मारे गए और बड़ी संख्या में घायल हुए हैं। माना जा रहा है कि रूस ने यूक्रेन के गोला-बारूद के गोदाम पर हमला किया था जिससे वहां पर बड़ा विस्फोट हुआ और इतनी बड़ी जनहानि हुई है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि युद्धकाल में गोला-बारूद के भंडारण में जिन लोगों ने लापरवाही बरती है उन्हें दंडित किया जाएगा। कीव के नजदीक स्थित मीला गांव पर रूस ने शुक्रवार-शनिवार रात ड्रोन हमला किया था।
इस हमले में दर्जनों लोग घायल हुए हैं और विस्फोटों का सिलसिला रुकने के बाद 370 लोगों को गांव से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। जेलेंस्की ने बताया है कि रूसी हमले से गोदाम परिसर नष्ट हो गया है और नजदीक के अन्य भवनों और मकानों को भी भारी नुकसान हुआ है।
बताया कि रूस ने ताजा हमलों में यूक्रेन के नौ अन्य शहरों को भी निशाना बनाया है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों के हमलों में रूस ने बड़ी संख्या में यूक्रेन के सैन्य ठिकानों और व्यापारिक ठिकानों को निशाना बनाया है।
रूस बीते तीन दिनों से कीव पर मिसाइलों और जेट इंजन चालित ड्रोन से हमले कर रहा है। ये ड्रोन तेज गति से लक्ष्य तलाशकर सटीक हमले करते हैं। डिफेंस सिस्टम को इन्हें पहचान कर नष्ट करना मुश्किल होता है।




