बांकीपुर में बीजेपी को बड़ा झटका, करीब 19 हजार वोटों से जीते प्रशांत किशोर
बिहार में वोटर्स ने एक बार फिर बड़ा उलटफेर कर दिया है। पहली बार चुनाव मैदान में उतरे जन सुराज के प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कर ली है।

पटना/एजेंसी। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। लंबे समय से भाजपा के कब्जे वाली इस सीट पर जन सुराज पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं। प्रशांत किशोर के नेतृत्व में जन सुराज के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को करारी शिकस्त देते हुए विजयी हुए।
यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई थी। पिछले तीन दशकों से अधिक समय तक बांकीपुर सीट पर भाजपा का दबदबा रहा, जिसे पार्टी का अभेद्य किला माना जाता था। हालांकि इस बार हुए उपचुनाव में 31 राउंड की मतगणना के दौरान भाजपा उम्मीदवार एक बार भी बढ़त हासिल नहीं कर सके, जो पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
जन सुराज और प्रशांत किशोर के लिए यह जीत बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यह उपचुनाव उनके राजनीतिक भविष्य की अग्निपरीक्षा के रूप में देखा जा रहा था। इस जीत ने यह साबित किया है कि जन सुराज पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाने की क्षमता रखता है और बिहार की राजनीति में एक मजबूत तीसरे विकल्प के रूप में उभर रहा है।
अब तक एक सफल चुनावी रणनीतिकार के रूप में पहचान रखने वाले प्रशांत किशोर के लिए जनता से सीधे जनादेश प्राप्त करना उनकी राजनीतिक विश्वसनीयता के लिए जरूरी था। बांकीपुर में मिली जीत ने उनकी इस साख को मजबूत किया है और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जन सुराज की स्थिति को और सुदृढ़ किया है।
चुनाव परिणाम सामने आते ही जन सुराज कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मतगणना केंद्र से लेकर पार्टी कार्यालयों तक जश्न मनाया गया। कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते नजर आए और गुलाल उड़ाकर जीत का उत्सव मनाया। समर्थकों ने इसे क्षेत्र में बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत बताया।
इस उपचुनाव को लेकर भाजपा और जन सुराज दोनों ने पूरी ताकत झोंक दी थी। भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेताओं और स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा, जबकि प्रशांत किशोर ने खुद आक्रामक जनसंपर्क अभियान चलाते हुए युवाओं, महिलाओं और बदलाव की चाह रखने वाले मतदाताओं को साधने का प्रयास किया।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम बिहार की राजनीति में नए समीकरणों का संकेत दे रहा है, जहां पारंपरिक दलों के बीच अब एक मजबूत तीसरा विकल्प उभरता नजर आ रहा है।




