अमेरिका के मिशिगन में दिल दहला देने वाली घटना: पति ने पत्नी और 6 बच्चों की हत्या कर की खुदकुशी
मिशिगन में क्रिस्टोफर कैरोल्कीविज ने अपनी पत्नी अमांडा और छह बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी, फिर आत्महत्या कर ली। अमांडा ने पति पर एक युवा इंटर्न के साथ अफेयर का आरोप लगाया था।

मिशिगन/अमेरिका। अमेरिका के मिशिगन राज्य में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और छह बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में इसे हत्या-आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, 47 वर्षीय क्रिस्टोफर कैरोल्कीविज ने ग्रैंड हेवन टाउनशिप स्थित अपने घर में अपनी 39 वर्षीय पत्नी अमांडा मैंडी कैरोल्कीविज और 5 से 15 वर्ष की आयु के छह बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। जांचकर्ताओं का मानना है कि घटना के बाद घर में कई स्थानों पर आग भी लगाई गई थी।
24 जुलाई को आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंची इमरजेंसी टीम को घर के अंदर दंपति और बच्चों के शव मिले। ओटावा काउंटी शेरिफ कार्यालय ने पुष्टि की है कि परिवार के सभी आठ सदस्यों की मौत गोली लगने से हुई है। घटना में परिवार के पालतू जानवरों की भी मौत हो गई।
मामले की जांच के दौरान सामने आया कि मृतका मैंडी ने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर अपने वैवाहिक जीवन से जुड़े तनाव और पति के कथित अफेयर का जिक्र किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके पति का एक युवा इंटर्न के साथ संबंध था, जिससे उनके रिश्ते पर गहरा असर पड़ा था।
मैंडी ने अपने पोस्ट में लिखा था कि उन्होंने अपने बच्चों की खातिर शादी को बचाने की कोशिश की, लेकिन पति के व्यवहार और कथित धोखे के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान थीं। उन्होंने यह भी बताया था कि दोनों ने वैवाहिक परामर्श (मैरिज काउंसलिंग) भी लिया था।
जांचकर्ताओं के अनुसार, घटना से कुछ दिन पहले ही क्रिस्टोफर की नौकरी अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन में समाप्त हो गई थी। वहीं मैंडी बैंकिंग और इंश्योरेंस क्षेत्र में काम करने के बाद स्थानीय स्कूल में सब्स्टिट्यूट टीचर के रूप में कार्यरत थीं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




