शास्त्री पार्क पुलिस की तत्परता, मोबाइल स्नैचर रंगे हाथ गिरफ्तार, लूटा फोन बरामद

उत्तर पूर्वी दिल्ली। शास्त्री पार्क थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 को शाम करीब 4:30 बजे शिकायतकर्ता विशेष भारद्वाज, निवासी न्यू उस्मानपुर, पैदल शास्त्री पार्क चौक की ओर जा रहे थे और अपने भाई से मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान पिलर नंबर 80 के पास पीछे से मोटरसाइकिल सवार एक अज्ञात व्यक्ति आया और उनका मोबाइल फोन छीनकर शास्त्री पार्क चौक की ओर भाग गया।
शिकायतकर्ता ने तुरंत शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा किया, जिससे आसपास मौजूद पुलिस गश्त टीम सतर्क हो गई। गश्ती दल के एएसआई इंदरपाल ने तुरंत पीछा करने में मदद की और कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद आरोपी को पकड़ लिया। मौके पर ही उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
पुलिस आरोपी को मोटरसाइकिल और बरामद सामान सहित थाने ले आई, जहां उसके खिलाफ एफआईआर संख्या 213/26 दिनांक 17 जुलाई 2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद फरमान (26 वर्ष), निवासी गली नंबर 16, शास्त्री पार्क के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अन्य किसी वारदात में शामिल तो नहीं रहा है।




