दिल्ली में एसएचओ की स्कॉर्पियो में लगी आग, बाल-बाल बचे एसएचओ और ड्राइवर

दिल्ली के अलीपुर में एक एसएचओ की सरकारी स्कॉर्पियो गाड़ी में अचानक आग लग गई, जिससे गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि आग लगने से पहले एसएचओ और चालक सुरक्षित बाहर निकल गए।

बाहरी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बाहरी इलाके में बुधवार रात एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई, जब दिल्ली पुलिस के एक थाना प्रभारी (एसएचओ) की चलती सरकारी स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक आग का गोला बन गई। कुछ ही मिनटों में लाखों रुपये की यह गाड़ी धू-धू कर जलकर पूरी तरह खाक हो गई। हालांकि चालक और एसएचओ की सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और दोनों सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे की है, जब समयपुर बादली थाने के एसएचओ मनोज यादव डीसीपी कार्यालय में बैठक समाप्त कर अपने थाने लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर चलते समय अचानक गाड़ी में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी लपटों में घिर गई।
गाड़ी में एसएचओ मनोज यादव और उनका चालक सवार थे। दोनों ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत वाहन रोककर बाहर निकलने में ही भलाई समझी। उनकी सतर्कता के चलते जान-माल का बड़ा नुकसान होने से बच गया। अगर कुछ क्षणों की भी देरी होती, तो यह घटना गंभीर रूप ले सकती थी।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया। वहीं इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें जलती हुई स्कॉर्पियो आग के गोले की तरह नजर आ रही है।
फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अलीपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों की ओर से अभी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button