गाजियाबाद में पुलिसकर्मी के खिलाफ पत्नी की हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज

गाजियाबाद के लोनी एसीपी कार्यालय में तैनात एक पुलिसकर्मी के खिलाफ पत्नी की हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिसकर्मी पर दूसरी महिला से संबंधों का आरोप है।

गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी एसीपी कार्यालय में तैनात क पुलिसकर्मी के खिलाफ पत्नी की हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने दूसरी महिला से संबंधों को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और दुपट्टे से गला घोंटकर जान लेने की कोशिश की। मामले में पीड़िता के पिता ने विजय नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना निवासी कासिम अली ने बताया कि उनकी बेटी शमा प्रवीन की शादी 24 मार्च 2012 को परवेज आलम से हुई थी। परवेज मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला है और वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात है। वर्तमान में वो लोनी एसीपी कार्यालय में तैनात है तथा परिवार के साथ प्रताप विहार, विजय नगर क्षेत्र में रह रहा था।
उन्होंने बताया कि 26 जून की शाम परवेज ने शमा के भाई मुनव्वर को फोन कर बताया कि शमा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है और वो उसे अस्पताल लेकर जा रहा है। सूचना के बाद परिवार अस्पताल पहुंचा तो शमा आईसीयू में वेंटिलेटर पर भर्ती मिली। हालत गंभीर होने पर फ्लोरेंस हॉस्पिटल ने उसे नोएडा फोर्टिस अस्पताल रेफर कर दिया। तीन दिन बाद होश में आने पर शमा ने अपने पिता को घटना की जानकारी दी।
शिकायत में कासिम अली के मुताबिक उनकी बेटी शमा ने उन्हें बताया कि परवेज के पिछले तीन-चार वर्षों से किसी दूसरी महिला से संबंध हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। उसने आरोप लगाया कि पति पहले भी कई बार उसके साथ मारपीट कर चुका है और जान से मारने की कोशिश भी कर चुका है। 26 जून को दोपहर भी इसी बात पर विवाद हुआ। जिसके बाद परवेज ने पहले बेटी को एक कमरे में बंद किया गया, फिर दूसरे कमरे में ले जाकर दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, उसे कुछ याद नहीं है।
कासिम अली ने बताया कि बेटी के इलाज में व्यस्त होने के कारण वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सके। बेटी के होश में आने और पूरी घटना बताने के बाद उन्होंने विजय नगर थाने में शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button