दोस्ती से इनकार पर टिकटॉक स्टार सना यूसुफ की हत्या, आरोपी को मिली फांसी की सजा

पाकिस्तान में टिकटॉक इन्फ्लुएंसर सना यूसुफ की हत्या के दोषी उमर हयात को अदालत ने फांसी की सजा सुनाई है।

इस्लामाबाद/एजेंसी। पाकिस्तान की एक अदालत ने चर्चित टिकटॉक इन्फ्लुएंसर सना यूसुफ की हत्या के मामले में दोषी उमर हयात को फांसी की सजा सुनाई है। अदालत ने माना कि आरोपी ने दोस्ती का प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद 17 वर्षीय सना की गोली मारकर हत्या की थी।
इस्लामाबाद के जज मुहम्मद अफजल माजोका ने मंगलवार को फैसला सुनाते हुए 22 वर्षीय उमर हयात को दोषी करार दिया। हयात भी टिकटॉक पर कंटेंट बनाता था। पुलिस ने बताया कि जून में हुई इस वारदात के बाद सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंचा गया। फुटेज में वह घटना के तुरंत बाद सना के घर वाली गली से निकलता दिखाई दिया था।
सना यूसुफ की हत्या के बाद पूरे पाकिस्तान में गुस्से की लहर दौड़ गई थी। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा की और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए।
सना सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। उनकी मौत के बाद लाखों लोगों ने उनका टिकटॉक अकाउंट फॉलो करना शुरू कर दिया। वह पाकिस्तान के उत्तरी खूबसूरत क्षेत्र चित्राल की रहने वाली थीं और अपने वीडियोज में पारंपरिक चित्राली संगीत और पहनावे को बढ़ावा देती थीं।
सना सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं थीं, बल्कि लड़कियों की शिक्षा और महिलाओं के अधिकारों को लेकर भी खुलकर आवाज उठाती थीं। हत्या से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाते हुए तस्वीरें पोस्ट की थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button