कौशाम्बी में कोटेदारों का धरना, कमीशन बढ़ाने व अन्य मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

सचिन पाण्डेय,कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। कौशाम्बी जिले में आल इंडियन फेयर प्राइज शॉप डीलर एसोसिएशन के तत्वावधान में कोटेदारों ने डायट मैदान में धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया। कोटेदारों ने कहा कि वे शासन की मंशा के अनुरूप राशन वितरण करते हैं, फिर भी उत्तर प्रदेश में उन्हें अन्य राज्यों की तुलना में बहुत कम कमीशन मिलता है। दिल्ली, गुजरात और हरियाणा जैसे राज्यों में दो सौ रुपये प्रति क्विंटल कमीशन दिया जा रहा है, जबकि वन नेशन वन कार्ड की तर्ज पर वन नेशन वन कमीशन भी लागू होना चाहिए। कोटेदारों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर कमीशन 200 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मौजूदा कमीशन दर पर परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है।
ज्ञापन में कोटेदारों ने पाँच सौ से कम कार्ड वाली दुकानों के समायोजन के निर्णय को निरस्त करने, गोदाम पर जमा किए गए बोरों का भुगतान जल्द करने, सिंगल स्टेप डिलीवरी शासन के नियमानुसार कराने, वितरण किए गए राशन का माहवार कमीशन देने और ई-पॉश मशीन व कांटे में गड़बड़ी होने पर उसका समाधान ब्लॉक स्तर या कोटेदार की दुकान पर ही कराने की मांग रखी। धरना स्थल पर कोटेदारों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।



