एक महीने में उखड़ गई शोरूम से खरीदी गारंटी की सैंडल, कस्टमर ने बुला ली पुलिस

संभल/उत्तर प्रदेश। नगर के आर्य समाज रोड स्थित एक जूता शोरूम से खरीदे गए सैंडल गारंटी के बावजूद खराब हो गए। एक माह के भीतर ही सैंडल उखड़ने पर ग्राहक ने रुपये वापस मांगे, लेकिन दुकानदार ने इनकार कर दिया। जिसके बाद ग्राहक ने पुलिस बुला ली। डायल 112 पुलिस के मौके पर पहुंचते ही दुकानदार ने ग्राहक को रुपये लौटाकर मामले को शांत कराया।
रायसत्ती थाना क्षेत्र में मियां सराय निवासी इरफान ने करीब एक माह पहले आर्य समाज रोड स्थित एक जूता शोरूम से सैंडल खरीदे थे। खरीदारी के दौरान दुकानदार की ओर से सैंडल पर तीन माह की गारंटी दी गई थी। इरफान ने बताया कि खरीद के महज एक माह बाद ही सैंडल उखड़ गए, जिससे वह परेशान हो उठा।
गारंटी का हवाला देते हुए जब इरफान सैंडल वापस करने शोरूम पहुंचा और रुपये लौटाने की मांग की तो दुकानदार ने सैंडल लेने से तो इनकार नहीं किया, लेकिन उनकी कीमत 999 रुपये वापस देने से मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी और मामला बढ़ गया।
स्थिति बिगड़ती देख इरफान ने डायल 112 पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे वहां मौजूद लोग और दुकानदार दोनों ही चौंक गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी और समझाने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में ही दुकानदार ने अपना रुख बदलते हुए इरफान को एक हजार रुपये वापस कर दिए। इसके बाद मामला शांत हो गया और दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।




