राम नवमी में दर्शन करके लौट रही पिकअप ट्राला से टकराई 7 की मौत, परिवार के लोगों की खुशी मातम में बदली

सचिन पाण्डेय,कौशांबी/उत्तर प्रदेश। कौशांबी जिले में शुक्रवार दोपहर कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर डोरमा पेट्रोल पंप के पास बड़ा हादसा हो गया। सैनी की ओर जा रही एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्राला से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखचे उड़ गए। वाहन में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 25 लोग सवार थे। इनमें से सात लोगों की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
जानकारी के अनुसार, सभी यात्री फतेहपुर जिले के मलवा क्षेत्र के बड़ोखर गांव निवासी थे। वे रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार सुबह कड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर दर्शन करने आए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना करीब पौने चार बजे हुई। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से तत्काल चार एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे में आठ लोगों की मृत्यु हुई है और लगभग 20 लोग घायल हैं। बताया गया कि सभी लोग मुंडन कार्यक्रम के लिए घर से रवाना हुए थे और इसी दौरान यह दुर्घटना हुई। यह हादसा क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल छोड़ गया है।




