गीता कॉलोनी थाने का एएसआई 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
दहेज उत्पीड़न के मामले में मांगे थे 40 हजार

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली पुलिस की विजिलेंस यूनिट की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी थाने में तैनात एक एएसआई को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपित एएसआई की पहचान रोहताश कुमार के रूप में हुई है।
विजिलेंस यूनिट के उपायुक्त के मुताबिक, शाहदरा निवासी एक व्यक्ति ने विजिलेंस यूनिट, बाराखंबा रोड में शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज मांग और उत्पीड़न का मामला गीता कॉलोनी थाने में दर्ज कराया है। इस मामले की जांच कर रहे अधिकारी एएसआई रोहताश कुमार शिकायतकर्ता और उसके परिवार को सख्त कार्रवाई की धमकी देकर रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत में बताया गया कि एएसआई ने पहले 40 हजार रुपये की मांग की थी, जिसे बाद में बातचीत के बाद 20 हजार रुपये पर तय किया गया।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने तय समय और स्थान पर जाल बिछाया। जैसे ही आरोपित एएसआई रोहताश कुमार ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इस मामले में विजिलेंस थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआइआर दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।




