ब्रह्मपुरी में नहीं होगा मस्जिद का विस्तार, एमसीडी ने निरस्त किया नक्शा, पत्थरबाजी की होगी जांच
The mosque will not be expanded in Brahmapuri, MCD has cancelled the map, stone pelting will be investigated

दिल्ली ब्यूरो। ब्रह्मपुरी गली नंबर-12 में मस्जिद का विस्तार नहीं होगा। नगर निगम ने इसके भवन का नक्शा निरस्त कर दिया है। निगम के शाहदरा उत्तरी जोन के चेयरमैन प्रमोद गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि तथ्यों को छिपाकर सरल योजना के तहत नक्शा स्वीकृत कराया था। इस कार्रवाई से पहले अलमतीन वेलफेयर सोसायटी और आर्किटेक्ट को नोटिस दिया गया था। इनका संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
अब निर्माण स्थल को भी सील किया जाएगा और उसके बाद इनको नोटिस देकर ध्वस्त करने का समय दिया जाएगा। यह हो चुके निर्माण को खुद हटाते हैं तो बेहतर, वरना निगम अपने स्तर से हटवाएगा। उनका कहना है कि गैर कानूनी तरह से किए गए निर्माण पर कार्रवाई होगी। दिल्ली पुलिस हरकत में आई है। मंगलवार रात का उत्तर पूर्वी जिले के एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा ने न्यू उसमानपुर एचएसओ को साथ लेकर गली के एक मकान में लोगों के साथ बैठक की। इसमें महिलाएं ज्यादा बुलाई गई थीं।
महिलाओं ने पुलिस को पूरी कहानी बताई। साथ ही पुलिस से आग्रह किया कि किसी भी हालत में मस्जिद का विस्तार गली की तरफ नहीं होना चाहिए। रविवार देर रात को पत्थरबाजी की घटना को लेकर दी गई शिकायत का मुद्दा भी लोगों ने उठाया।
इस पर एडिशनल डीसीपी ने एसएचओ को निर्देश दिया कि घटना की जांच की जाए, उसके बाद अगला कदम उठाया जाए। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि पुलिस उनके साथ है। कोई डरकर बेवजह मकान न बेचें। उन्होंने अपना नंबर गली के लोगों को दिया और कहा कि कुछ भी गलत हो तो सीधे उनको बताएं। इस बैठक में क्षेत्रीय पार्षद अनिल गौड़ भी शामिल थे। इससे पहले दोपहर में भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया था। गली से बैरिकेड और पुलिस हटा ली गई है, लेकिन गश्त करने के निर्देश बीट आफिसर को दिए गए हैं। ब्रह्मपुरी गली नंबर-12 में लोगों के घरों पर ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर अब भी चस्पा हैं। इसे लेकर लोगों ने बताया कि यह पोस्टर वह तब नहीं हटाएंगे, जब तक मस्जिद विस्तार के लिए हो चुका निर्माण हट नहीं जाता। लोगों ने बताया कि पुलिस और निगम ने आश्वासन दिया है, लेकिन विश्वास तभी होगा जब ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी।




