होली पर घर जाने की ‘जंग’: जनरल कोच में भूसे की तरह भरे यात्री, बर्थ छोड़िए शौचालय तक फुल

कानपुर/उत्तर प्रदेश। होली से पहले ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। जनरल कोच में यात्री भूसे की तरह भरे रहे। सीट उपलब्ध न होने पर यात्रियों ने बोगियों के अंदर चादर का मचान बना, उस पर बैठकर यात्रा की। यात्री ट्रेन के पावदान पर बैठने के साथ शौचालयों तक में घुसे रहे। स्लीपर व एसी कोच में भी कोई सीट खाली नहीं रही। दिल्ली, बिहार, हैदराबाद, कालका, बेंगलुरू जाने वाली ट्रेनों में टिकट कन्फर्म न होने से यात्री परेशान रहे। स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जीआरपी, आरपीएफ के सिपाहियों के साथ क्विक रिस्पांस टीम भी तैनात रही।
आजमगढ़-बांद्रा टर्मिनल के लिए होली स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने आजमगढ़-बांद्रा टर्मिनल होली स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन गोविंदपुरी होकर गुजरेगी। ट्रेन संख्या 05183/05184 आजमगढ़-बांद्रा टर्मिनल-आजमगढ़ ट्रेन आजमगढ़ से सात से 14 मार्च तक शनिवार को रात 11:15 बजे रवाना होगी। रविवार सुबह 5:10 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी। यहां पांच मिनट ठहराव के बाद सोमवार सुबह 8:10 बजे बांद्रा टर्मिनल पहुंचेगी। बांदा टर्मिनल से ट्रेन नौ से 16 मार्च तक सोमवार सुबह 10:45 बजे रवाना होगी। मंगलवार सुबह 9:50 बजे गोविंदपुरी आएगी। यहां पांच मिनट का ठहराव लेगी। रात 8:10 बजे आजमगढ़ पहुंचेगी।
लखनऊ मंडल के शुक्लागंज पुल बायां किनारा व कानपुर सेंट्रल के बीच पुल संख्या 110 पर कार्य किया जाएगा। इसके लिए 42 दिन का मेगा ब्लाक लिया जाएगा। इस दौरान कानपुर सेंट्रल होकर जाने वाली लखनऊ-कासगंज पैसेंजर को निरस्त किया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे,इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि लखनऊ जंक्शन से चलने वाली ट्रेन संख्या 55345 लखनऊ जंक्शन-कासगंज दो अप्रैल से 14 मई तक, कासगंज से चलने वाली ट्रेन संख्या 55346 कासगंज-लखनऊ जंक्शन एक अप्रैल से 13 मई तक कुल 43 फेरों के लिए निरस्त रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button