गैंगस्टर सुनील सरधानिया गिरफ्तार, ज्यूरिख से डिपोर्ट कर लाया गया भारत
हरियाणवी गायक फाजिलपुरिया पर की थी फायरिंग

गुरुग्राम। हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग और उसके दोस्त प्रापर्टी डीलर रोहित शौकीन की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी गैंगस्टर सुनील सरधानिया को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख से डिपोर्ट कर भारत लाया गया है।
गुरुग्राम पुलिस की स्पेशल टीम ने विदेश में इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया और रविवार सुबह उसे डिपोर्ट कर दिल्ली एयरपोर्ट लेकर आई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद दोपहर में गैंगस्टर को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
बताया जाता है कि सुनील सरधानिया मूल रूप से रोहतक का रहने वाला है और कई साल पहले विदेश भाग गया था। सूत्रों के मुताबिक सरधानिया पहले जेरूसलम में लोकेट हुआ था, जहां से इंटरपोल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई थी।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि सुनील सरधानिया न सिर्फ फाजिलपुरिया पर फायरिंग केस का मास्टरमाइंड है, बल्कि वह रोहित शौकीन हत्याकांड में भी शामिल रहा है। रोहित शौकीन, हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया का करीबी दोस्त और प्रापर्टी डीलर था। उसकी हत्या गुरुग्राम के सेक्टर 77 स्थित एसपीआर रोड पर चार अगस्त की रात बाइक सवार बदमाशों ने की थी।
वारदात के बाद सरधानिया ने इंटरनेट मीडिया पर इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी। 10 जुलाई को राहुल फाजिलपुरिया की कार पर गुरुग्राम के एसपीआर रोड पर फायरिंग की गई थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। उनकी कार पर दो राउंड गोलियां चलाई गई थीं। उस वक्त गुरुग्राम पुलिस ने कई आरोपितों को गिरफ्तार किया था और जांच में सुनील सरधानिया का नाम सामने आया था।




