बहराइच की पिंक रिक्शा चालक को मिला रॉयल अवॉर्ड, लंदन में सारथी आरती को मिला सम्मान

बहराइच/उत्तर प्रदेश। मौका मिले तो महिलाएं सात समंदर पार कर सकती हैं। इस उक्ति को उत्तर प्रदेश के बहराइच की आरती ने चरित्रार्थ कर दिया है। इंग्लैंड में सम्मानित होने वाली आरती की उपलब्धि कुछ खास है। दरअसल, बहराइच डीएम मोनिका रानी ने महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत बैंकों से ऋण दिलाकर जिले की पांच महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के गांधी जयंती पर उन्हें पिंक रिक्शा उपलब्ध कराने की अभिनव पहल की थी। नगरीय विकास अभिकरण द्वारा संचालित स्वरोज़गार कार्यक्रम (एसईपीआई) अन्तर्गत निराश्रित महिला बिट्टा, सायरा, मेघा, शिव कुमारी व आरती चयन किया था। तलाकशुदा यह महिलाएं शहर की सड़कों पर पिंक ऑटो चला रही हैं। सरिता को इसके लिए इंगलैंड में सम्मानित किया गया है।जिले के रिसिया ब्लॉक की रहने वाली पिंक रिक्शा चालक आरती को 22 मई को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर लंदन में आयोजित कार्यक्रम में प्रिंस ट्रस्ट के द्वारा यूके रॉयल अवॉर्ड से पुरस्कृत किया गया है। आगा खान फाउण्डेशन से जुड़ी आरती को ज़िला प्रशासन की ओर से 02 अक्टूबर 2023 को उत्तर प्रदेश सरकार की पिंक ई रिक्शा स्कीम के तहत ई-रिक्शा मिला था। यूके रॉयल अवार्ड के लिए सम्पूर्ण विश्व से नामांकन मांगा गया था। जिसमें ई-रिक्शा चालक आरती का नाम भी भेजा गया था। आरती का चयन ‘अमल क्लूनी महिला सशक्तिकरण’ अवॉर्ड के लिए हुआ है। कार्यक्रम के लिए लंदन आने-जाने के लिए प्रिंस ट्रस्ट ने आरती को सहयोग किया।
आगा खान फाउण्डेशन की सीईओ टिनी साहनी और कार्यक्रम अधिकारी सीमा शुक्ला ने कार्यक्रम में आरती के साथ प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम के उपरान्त आरती सहित अन्य प्रतिभागियों के विश्व प्रसिद्ध बकिंघम पैलेस में किंग चार्ल्स से मुलाकात भी की। डीएम मोनिका रानी ने रिक्शा चालक आरती को यूके रॉयल अवॉर्ड मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि यह जिले के लिए गौरव की बात है। डीएम ने कहा कि आरती को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से आकांक्षात्मक जनपद बहराइच में महिला सशक्तीकरण को बल मिलेगा। डीएम ने कहा कि उन्हें विश्वास है जिले की महिलाएं आरती से प्रेरणा लेकर अपने लिए स्वावलम्बन की राह चुनकर नई इबारत लिखने का संकल्प लेंगी।



