दिल्ली की त्रिलोकपुरी में युवक ने काट दिया दोस्त का गला

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार थाना इलाके के त्रिलोकपुरी में बहन का पीछा करने पर एक युवक ने अपने ही दोस्त का गला रेत दिया। एसएचओ नरेंद्र सिंह चौहान की टीम ने मृतक नीरज उर्फ हर्षू (19) की हत्या के आरोप में कुछ घंटों बाद ही दीपक उर्फ लक्की (18) को अरेस्ट कर लिया। वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में दीपक ने बताया कि नीरज उसकी बहन का पीछा कर बात करने की कोशिश करता था। कई बार समझाने पर भी नहीं माना तो हत्या कर दी।
डीसीपी (ईस्ट) अमृता गुगुलोथ ने बताया कि नीरज परिवार के साथ त्रिलोकपुरी 19-ब्लॉक में रहते थे। फैमिली में दो बड़े भाई करण, धीरज और एक शादीशुदा बहन गायत्री है। नीरज के पिता वीरपाल और मां कंचन की बीमारी से पहले ही मौत हो चुकी है। नीरज फरीदाबाद के एक जिम में नौकरी करते थे। इसलिए वहीं बुआ की बेटी के साथ रहते थे। परिजनों ने बताया कि बड़ी बहन गायत्री गुजरात से दिल्ली आई है। नीरज सोमवार सुबह बहन और भांजी से मिलने त्रिलोकपुरी आए थे।
दिनभर घर में बिताने के बाद शाम को दोस्तों से मिलने मोहल्ले में चले गए। इस बीच नीरज को दोस्त दीपक मिला। दोनों ने काफी देर बातचीत की। इसके बाद एक साथ मोमोज भी खाए। दीपक कुछ देर में आने की बात कह कर चला गया। नीरज घर के पास 18-19 ब्लॉक की फुटपाथ पर बैठ कर दीपक का इंतजार करने लगा। दीपक आकर नीरज से झगड़ने लगा। अचानक चाकू से उसका गला रेत दिया। जख्मी नीरज को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत करार दिया।
मृतक के परिजन बहन का पीछा करने की वजह से हत्या की बात को नकार रहे हैं। दावा है कि नीरज ने कभी उसकी बहन का पीछा नहीं किया। हत्या का मकसद कुछ और है, जिसे आरोपी दीपक छिपा रहा है। परिजनों ने वारदात में अन्य लड़कों के भी शामिल होने की आशंका जताई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पूरा मामला साफ हो सके। आरोपी दीपक 9वीं तक पढ़ा है। वो सराय काले खां इलाके में रात को चौकीदारी करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button