राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बाल-बाल बचीं, हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान हेलीपैड का हिस्सा धंसा

नई दिल्ली/एजेंसी। सबरीमाला के दौरे पर पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का चॉपर अचानक कंक्रीट के गड्ढे में फंस गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिसकर्मियों और अग्निशमन बल के कर्मचारियों ने हाथ से धक्का देकर हेलीकॉप्टर को बाहर निकाला है। यह घटना आज सुबह केरल के प्रमादम स्थित राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में देखने को मिली। हालांकि, इस दौरान कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी बाल-बाल बच गईं। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद वो सड़क के रास्ते पंबा के लिए रवाना हो गईं हैं।
घटना की जानकारी देते हुए एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “पहले राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग पंबा के पास निलक्कल में होनी थी। मगर, मौसम खराब होने के कारण स्टेडियम में लैंडिंग की योजना बनाई गई थी।” अधिकारी ने बताया-मंगलवार की देर रात स्टेडियम में हेलीपैड तैयार किया गया था, लेकिन सुबह तक शायद कंक्रीट पूरी तरह से जमा नहीं था। ऐसे में जब हेलीकॉप्टर यहां उतरा तो कंक्रीट में गड्ढे बन गए और हेलीकॉप्टर इसमें धंस गया।
बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दक्षिणी राज्यों की चार दिवसीय यात्रा पर हैं। मंगलवार की शाम को वो केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम पहुंची थीं। आज सुबह वो पथानामथिट्ट स्थित पहाड़ी मंदिर के लिए रवाना हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button