दिल्ली क्राइम ब्रांच ने गोगी गैंग के शूटर को मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के हाथ बड़ी सफलता लगी है। द्वारका सेक्टर 21 मेट्रो स्टेशन के पास मुठभेड़ के दौरान शुक्रवार को क्राइम ब्रांच ने गोगी गैंग के सक्रिय शूटर को गिरफ्तार किया है। इस पर कंझावला इलाके में एक बिजनेसमैन के घर पर फायरिंग करके एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। आरोपी पहले से भी तीन आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। दिल्ली पुलिस ने इसके पास से 17 जिंदा कारतूस और दो पिस्टल भी बरामद की है।
स्पेशल सीपी रविंद्र सिंह यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए शूटर की पहचान कुलवंत दलाल के रूप में हुई है। वह हरियाणा के झज्जर का रहने वाला है। यह 2 साल पहले कुलदीप की जरिए गोगी गैंग के संपर्क में आया था और उसके बाद से यह सक्रिय हो गया। यह दिल्ली और हरियाणा के मामलों में शामिल रहा है। इसने 24 अक्टूबर को रोहिणी के लाडपुर में एक व्यापारी के घर के बाहर फायरिंग की थी और मेन गेट के पास तीन पर्चे फेंके थे। इसमें एक करोड़ रुपये की डिमांड की बात लिखी थी। इसमें गोगी गैंग के दीपक उर्फ तीतर और दिनेश काला का नाम दिया गया था। साथ ही डिमांड पूरी नहीं करने पर छाती में गोली मारकर हत्या करने की धमकी भी दी गई थी। इस मामले में कंझावला थाने की पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया था और पुलिस टीम छानबीन कर कर रही थी।
शूटर ने की पुलिस टीम पर फायरिंग
इस मामले में क्राइम ब्रांच के इंटर स्टेट सेल की टीम को भी जांच में लगाया गया था। इस जांच में हेड कॉन्स्टेबल विजेंद्र को सूचना मिली कि यह शूटर द्वारका सेक्टर 21 मेट्रो स्टेशन के पास किसी से मिलने के लिए आने वाला है। पुलिस टीम ने वहां पर ट्रैप लगाया, पुलिस को देखकर इसने सरेंडर करने की बजाय गोलियां चलानी शुरू कर दी। जिसमें से एक गोली पुलिस के बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। जवाब में पुलिस टीम ने भी कई राउंड गोली चलाई और एसीपी रमेश चंद्र लंबा की देखरेख में इंस्पेक्टर मनमीत मलिक, एसआई जयकुमार, राजीव, विकास सोलंकी, हेड कांस्टेबल बिजेंदर हरेंद्र और कांस्टेबल आशीष मलिक की टीम ने इस शूटर को वहीं पर धर दबोचा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button