कौशांबी में पुलिस टीम पर हमला कर बदमाश को छुड़ा ले गई भीड़

58 के खिलाफ मुकदमा, चार उपद्रवी गिरफ्तार

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। जिले में महेवाघाट क्षेत्र के लौंगावां में बुधवार को बदमाश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आक्रोशित भीड़ ने हमला कर दिया। दारोगा और सिपाहियों से मारपीट करते हुए सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की गई। इस दौरान पुलिस जीप में बैठे तमंचा संग पकड़े गए बदमाश को भीड़ जबरन उतार ले गई।
28 आरोपित नामजद, 30 अज्ञात पर केस
घटना के संबंध में महेवाघाट थाने की पुलिस ने 28 लोगों को नामजद करते हुए 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर लौगांवा गांव में सन्नाटा पसरा है। बताया जाता है कि लौंगावां गांव निवासी अमरनाथ मिश्र पुत्र सोनेलाल मिश्र होली पर बुधवार को तमंचा लेकर गांव में घूम रहा था, ग्रामीणों को धमकी भी दे रहा था। गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए बताया कि बदमाश की हरकत से गांव में बवाल हो सकता है। इस पर एसआइ रामपाल, विजय पाल वर्मा, सिपाही अभिषेक यादव, विकास यादव के साथ लौगावां पहुंचे।
उपद्रव कर भीड़ ने आरोपित को छुड़ा लिया
गांव में भीड़ से घिरे बैठे अमरनाथ को देख पुलिसकर्मियों ने एसआइ श्रवण कुमार शुक्ला, एसआइ कृष्णकांत त्रिपाठी व पुलिस टीम को बुला लिया। इसके बाद छापेमारी करके तमंचा के साथ अमरनाथ मिश्र को धर दबोचा। पुलिस अपने वाहन में अमरनाथ को बैठाकर वापस आ ही रही थी कि भीड़ ने रास्ता रोक लिया। पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, भीड़ ने हमला बोल दिया। पुलिस कर्मियों से मारपीट करते हुए वाहन से अमरनाथ को बाहर निकाल लिया।
विरोध करने पर पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर चला दिया गया। पुलिस के वाहनों पर भी तोड़फोड़ की गई। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। किसी तरह भीड़ से बचते हुए पुलिसकर्मियों ने सूचना अधिकारियों को दी। इसके बाद पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल पहुंची और गांव को चारों तरफ से घेर लिया तो उपद्रवी मौके से भागे। पुलिस ने मौके से अशोक कुमार मिश्र पुत्र सोनेलाल मिश्र, दीपू सिंह पुत्र किशनपाल, प्रिंस मिश्रा पत्र अशोक कुमार मिश्र और बाबूलाल पुत्र पंचमलाल को गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस ने एसआइ रामपाल की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
अमरनाथ मिश्र पुत्र सोनेलाल, चंद्रभुवन त्रिपाठी पुत्र विद्यादत्त त्रिपाठी, रामबाबू सरोज पुत्र सुंदरलाल, अशोक कुमार मिश्र पुत्र सोनेलाल मिश्र, दीपू सिंह पुत्र झूड़ी उर्फ किशनपाल, प्रिंस मिश्रा पुत्र अशेक कुमार मिश्रा, बाबूलाल पुत्र पंचमलाल, सत्यम पुत्र प्रेम मिश्रा, कुशल मिश्रा पुत्र मुन्नीलाल, सूर्य प्रकाश मिश्र पुत्र धर्मनारायण, मंत्री पुत्र अवधेश, सौरभ पांडेय पुत्र रजनीश पांडेय, कुलदीप पुत्र सोहन लाल प्रजापति, निखिल पुत्र सूर्यप्रकाश, तीरथ पटेल पुत्र पहाड़ी सिंह, लवकुश उर्फ छोटू पुत्र रामनरेश, पवन त्रिपाठी पुत्र नरेश त्रिपाठी, कमलेश पुत्र चिड़ी, विमलचंद्र मिश्रा पुत्र सोनेलाल मिश्रा, लक्ष्मी तिवारी पुत्र मनमोहन, प्रमोद तिवारी पुत्र लल्लू, विकास पुत्र हरखू तिवारी, शिवबरन पांडेय पुत्र जुगुल किशोर, दिनेश मिश्रा पुत्र जगदीश मिश्रा, नथन पुत्र मोती, कल्लू पुत्र सुंदर, आशुतोष मिश्रा उर्फ गुड्डन और दीपक उर्फ लल्ली के अलावा 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
एसपी राजेश कुमार का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। थानेदार को निर्देश दिया गया है कि किसी बेगुनाह के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। निष्पक्ष विवेचना कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button