फतेहपुर में मुस्लिम युवक ने 11वीं की छात्रा को बनाया हवस का शिकार,वजीफा का फॉर्म भरने जा रही थी छात्रा
जान से मारने की धमकी देकर फरार हुआ आरोपी युवक

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां कॉलेज से वजीफा का फॉर्म भरने जा रही 11वीं की छात्रा को रास्ते से समुदाय विशेष का युवक बाइक से जंगल ले गए और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थरियांव क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी कस्बे के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा है। रोज की तरह शनिवार की सुबह भी छात्रा घर से कॉलेज पढ़ने गई थी। बताया जा रहा है कि छुट्टी होने के बाद दोपहर को छात्रा कॉलेज से पैदल थरियांव कस्बा छात्रवृत्ति का फॉर्म भरने के लिए जा रही थी। इसी दौरान थाना क्षेत्र के ही समीर शाह पीछे से बाइक लेकर छात्रा के पास पहुंचा और घर छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि समीर उसे कस्बे के बाहर जंगल की तरफ ले गया और जबरन किशोरी से दरिंदगी की।
इसके बाद घटना को किसी से बताने और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला। किसी तरह रोते बिलखते घर पहुंच कर छात्रा ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों को दी। इस पर पिता बेटी को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना का शिकायती पत्र दिया। थाना अध्यक्ष अरविंद राय ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।




