दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर की 104 सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी, पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
Dudheshwarnath temple complex is being monitored by 104 CCTV cameras, Police Commissioner and District Magistrate inspected

गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने अन्य विभागों के अधिकारियों संग दूधेश्वरनाथ मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को सफाई, सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न करने के निर्देश दिए।
मंदिर में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा ने महंत नारायण गिरि से कांवड़ यात्रा को लेकर अब तक की गई तैयारियों का फीडबैक लिया, इस पर महंत संतुष्ट नजर आए। निरीक्षण के दौरान मौजूद नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि मंदिर के बाहर से जस्सीपुरा मोड़ तक बैरिकेडिंग का कार्य नगर निगम की ओर से पूरा कर लिया गया है।
श्रावण मास व कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को देखने के लिए पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड और डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने शनिवार को मेरठ तिराहा स्थित कावड़ कंट्रोल रूम व दूधेश्वरनाथ मंदिर का हाल देखा। मेरठ तिराहा स्थित कावड़ कंट्रोल रूम के भ्रमण के दौरान पुलिस आयुक्त द्वारा कांवड़ कंट्रोल रूम में स्थापित मानिटरिंग सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य तकनीकी उपकरणों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण कर तैयारियों को परखा।
आयुक्त ने बताया कि मंदिर परिसर को कुल 13 बीट क्षेत्रों में विभाजित कर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। मंदिर परिसर के अंदर 22, बाहर 82 कुल 104 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मानीटरिंग कंट्रोल रूम से की जा रही है। कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए चार स्थायी कंट्रोल रूम, एक मुख्य कंट्रोल रूम, दो सब कंट्रोल रूम व आठ स्टैटिक कंट्रोल रुम बनाए गए हैं।
कांवड़ मार्ग में कुल 1657 सीसीटीवी कैमरे, 71 बैरियर, 33 सार्वजनिक घोषणा प्रणाली, 1560 पुलिस स्वयं सेवक लगाए गए हैं। दूधेश्वरनाथ मंदिर में पुलिस आयुक्त ने मंदिर के महंत नारायण गिरि से श्रृद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगमता के लिए मंदिर में की जा रही व्यवस्थाओं पर चर्चा की। ट्रैफिक पुलिस का शुक्रवार रात से लागू भारी वाहनों का डायवर्जन प्लान के बाद शनिवार को दिल्ली मेरठ रोड और दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहा। सुबह के वक्त कुछ भारी वाहन इन मार्गों पर नजर आए। लेकिन बाद में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर इन्हें मेरठ रोड और एक्सप्रेसवे पर नहीं जाने दिया। डायवर्जन वाले स्थानों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाई हुई है।



