पाकिस्तान की फैक्ट्री में गैस रिसाव से जोरदार धमाका, 15 लोगों की मौत

इस्लामाबाद/एजेंसी। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में शुक्रवार को एक केमिकल फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया। जहां तड़के सुबह गैस रिसाव से धमाका हो गया। धमाका इतना भयानक था कि इससे फैक्ट्री में न सिर्फ आग लगी, बल्कि आस-पास की इमारतें भी गिर गईं। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।
दरअसल,पंजाब प्रांत में लाहौर से 130 किमी की दूरी पर स्थित फैसलाबाद जिले के मलिकपुर इलाके में सुबह सुबह एक कैमिकल फैक्ट्री में गैस रिसाव से बड़ा धमाका हुआ। इस धमाके से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल लाया गया।
फैसलाबाद के डिप्टी कमिश्नर राजा जहांगीर अनवर ने रिपोर्टर्स को बताया कि मलिकपुर इलाके में एक केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर में हुए जबरदस्त धमाके की वजह से आस-पास की इमारतें, जिसमें एक बिल्डिंग भी शामिल है, गिर गईं। हालांकि, बाद में बचाव दल ने विस्फोट का कारण गैस रिसाव बताया, जिसकी पुष्टि फैसलाबाद आयुक्त राजा जहांगीर अनवर के कार्यालय द्वारा जारी बयान में भी की गई।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि अब तक रेस्क्यू टीमों ने मलबे से 15 लाशें निकाली हैं और सात घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया है। डर है कि मलबे के नीचे और लोग हो सकते हैं। रेस्क्यू टीमें मलबा हटाने में लगी हुई हैं। जिले की पूरी मशीनरी रेस्क्यू के काम में लगी हुई है। वहीं, पंजाब के पुलिस इंस्पेक्टर जनरल डॉ. उस्मान अनवर ने निर्देश दिया कि रेस्क्यू 1122, फायर ब्रिगेड और सभी संबंधित एजेंसियों को पूरी मदद दी जाए।
डॉन खबर के मुताबिक, शुरुआत में बताया जा रहा था कि यह हादसा बॉयलर फटने से हुआ है। लेकिन कमिश्नर कार्यालय के बयान में कहा गया है कि फैक्टरी में कोई बॉयलर मौजूद नहीं था और मलिकपुर इलाके में चार फैक्ट्रियां चल रही थीं। गैस रिसाव के कारण एक फैक्ट्री में आग लग गई और उसने बाकी फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने केमिकल फैक्ट्री में लोगों की कीमती जानें जाने पर गहरा दुख जताया, दुखी परिवारों के प्रति अपनी संवेदना और सहानुभूति जताई और फैसलाबाद कमिश्नर से घटना के बारे में डिटेल्ड रिपोर्ट मांगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button