कोर्ट में वकीलों के विवाद में बार एसोसिशन अध्यक्ष समेत 25 पर सूरजपुर थाने में मामला दर्ज

दोनों पक्षों की मांग पर पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने जिला न्यायालय में सोमवार को हुए विवाद और मारपीट में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमेंद्र सिंह भाटी समेत 25 के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जबकि दूसरे पक्ष से अधिवक्ता संदीप भाटी व उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए सोमवार को कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस ने मंगलवार को दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने कहा जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर मंगलवार सुबह अधिवक्ता कलक्ट्रेट चौक पर पूर्व बार अध्यक्ष उमेश भाटी व मनोज भाटी के नेतृत्व में एकत्रित होकर कोतवाली पहुंचे। वह अधिवक्ता संदीप भाटी के समर्थन में मैदान में उतरे। चिटहेरा गांव निवासी अधिवक्ता संदीप भाटी का आरोप है कि सोमवार को न्यायालय परिसर में बने बार कार्यालय में अन्य वकीलों से चर्चा कर रहे थे।
इसी दौरान प्रमेंद्र भाटी ने 15-20 साथियों के साथ उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पिस्टल और लाठी डंडों से उनको पीटा। इससे मुंह और नाक पर काफी चोटें आईं। कृष्ण भाटी, केके भाटी, अमित भाटी, विशाल नागर आदि 25 पर मारपीट का आरोप लगाया गया।
दूसरे पक्ष के अधिवक्ता कृष्ण कुमार का कहना है कि सोमवार सुबह गली नंबर 12 के सामने चौक पर साइबर ठगी के शिकार गरीब पीड़ितों को निश्शुल्क सहायता कराने के विरोध में कुछ अधिवक्ता एकत्रित हुए थे। जहां पर बार के अध्यक्ष ने कहा कि सूची में शामिल 27 नामों के अलावा कोई अधिवक्ता नाम देना चाहता है तो दे सकता है।
इस संबंध में बार एसोसिएशन ने नोटिस भी चस्पा किया था। इसके बाद भी संदीप भाटी एक हफ्ते से इंटरनेट मीडिया के ग्रुपों पर कार्यकारणी और निश्शुल्क सेवा देने वाले अधिवक्ताओं के खिलाफ अभद्र शब्द लिखकर प्रसारित कर रहे थे। आरोप है कि इसका विरोध करने पर संदीप ने आक्रोशित होकर अपने साथियों के साथ कृष्ण कुमार पर जानलेवा हमला किया। बीच बचाव करने पहुंचे अमित भाटी, केके भाटी, विशाल नागर व अन्य आए के साथ भी गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button