बीच सड़क मां के सामने युवती की चाकू से गोदकर हत्या, लोग बनाते रहे वीडियो

गुरुग्राम। शादी से इनकार करने और सगाई तोड़ने से गुस्साए युवक ने बीच सड़क युवती की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। 19 साल की युवती के साथ मौजूद उसकी मां ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन आरोपी के सिर पर खून सवार था और उसने चाकू से दो वार कर युवती की जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से भागा भी नहीं। युवती की मां ने उसे काफी देर तक चप्पलों से पीटा लेकिन न तो उसने मां पर हमला किया और न ही वहां से भागा। पालम विहार थाना पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। मामला गुरुग्राम का है। ये वारदात सोमवार सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर हुई। हैरानी की बात यह है कि दिन-दहाड़े हुई इस वारदात को आरोपी ने खुलेआम अंजाम दिया। लोग तमाशा देखते रहे और वीडियो बनाते रहे। किसी ने भी आगे आकर मां-बेटी की मदद नहीं की न ही युवती को बचाने का प्रयास किया।
यूपी बदायूं का मूल निवासी राकेश अपने परिवार के साथ मोलाहेड़ा गांव में करीब 7 साल से रह रहे हैं। राकेश ने अपनी 19 साल की बेटी नेहा की शादी कुछ समय पहले मोलाहेड़ा गांव में ही किराये पर रहने वाले यूपी बदायूं निवासी 23 साल के रामकुमार से करने की हामी भर दी थी। लेकिन बाद में इसे तोड़ भी दिया गया था।
रामकुमार तभी से शादी करने को लेकर दबाव बना रहा था। सोमवार सुबह मिथलेश अपनी बेटी नेहा के साथ घरों में मेड का काम कर लौट रही थी तो सामने से सफेद कुर्ता-पाजामा पहने रामकुमार आया। उसे देखकर मां-बेटी सड़क किनारे रुक गईं और आरोपी ने पास पहुंचते ही बहस शुरू कर दी। बहस बढ़ी तो मिथलेश ने चप्पल निकालकर आरोपी को मारना चाहा लेकिन तभी युवक ने चाकू से नेहा पर हमला कर दिया। मिथलेश ने बेटी को बचाने का प्रयास किया और नेहा ने भी विरोध जताया। लेकिन रामकुमार ने उसके पेट में चाकू से दो वार कर दिए।
शादी तोड़ने का विरोध ही जताता रहा
तीनों में हाथापाई चल ही रही थी कि नेहा जमीन पर गिर गई। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। मिथलेश ने आरोपी से चाकू छीना तो रामकुमार के हाथ में भी चोट लगी। उसने काफी देर तक चप्पल व थप्पड़ से आरोपी को पीटा, लेकिन वह न तो यहां से भागा और न ही उसपर हमला किया। बल्कि वह लगातार शादी तोड़ने का विरोध ही जताता रहा। सूचना मिलते ही पालम विहार थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू किया। रामकुमार उद्योग विहार एरिया की एक निजी कंपनी में हाउस कीपिंग का काम करता है। युवती के पिता राकेश भी यही काम करते हैं। सूचना के बाद पिता भी यहां पहुंचे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button