सीएम भूपेंद्र पटेल ने किया विभागों का बंटवारा, खुद संभाले महत्त्वपूर्ण विभाग

गांधीनगर/एजेंसी। गुजरात में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर हुए कैबिनेट फेरबदल के बाद अब मंत्रियों में विभागों का बंटवारा किया गया है। सीएम भूपेंद्र पटेल ने कई अहम विभागों को खुद के पास रखा है। वहीं डिप्टी सीएम हर्ष संघवी को गृह विभाग समेत कई जिम्मेदारियां मिली है।
गुजरात की भूपेंद्र पटेल सरकार ने कैबिनेट में विभागों का नया बंटवारा कर दिया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने खुद सामान्य प्रशासन, प्रशासनिक सुधार और प्रशिक्षण समेत कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली है। वहीं उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी को गृह विभाग, पुलिस, आवास, जेल, सीमा सुरक्षा, ग्राम रक्षक दल, नागरिक सुरक्षा, शराब और उत्पाद शुल्क, परिवहन, कानून और न्याय, खेल और युवा सेवाओं जैसे कई महत्वपूर्ण विभाग दिए गए हैं। उनके पास सुरक्षा और प्रशासन से जुड़े कई अहम जिम्मेदारियां हैं।
वहीं कैबिनेट मंत्री कनुभाई मोहनलाल देसाई को वित्त विभाग, शहरी विकास और शहरी आवास की जिम्मेदारी दी गई है। यह विभाग राज्य की आर्थिक और शहरी योजनाओं के लिए अहम माना जाता है। जबकि मंत्री रुषिकेश गणेशभाई पटेल को ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल्स, पंचायत और ग्रामीण आवास, विधान और संसदीय कार्य विभाग सौंपे गए हैं। ये विभाग राज्य के ऊर्जा प्रबंधन और ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं।
वहीं राज्य कैबिनेट में शामिल भारतीय क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को प्राथमिक, माध्यमिक और वयस्क शिक्षा विभाग दिया गया है। इससे राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता और सुधार पर उनका ध्यान केंद्रित रहेगा। इससे पहले कैबिनेट विस्तार में हर्ष सांघवी को राज्य का नया डिप्टी सीएम बनाया गया था। वे तीन बार के विधायक हैं और फिलहाल मजुरा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने 25 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई, जिसके बाद सीएम भूपेंद्र पटेल को मिलाकर मंत्रीपरिषद में 26 मंत्री हो गए हैं। पिछले साल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए विधायक अर्जुन मोढवाडिया को भी मंत्री बनाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button