जमीन के गलत अभिलेख तैयार करने में तत्कालीन एसडीएम समेत 13 पर मुकदमा, पुलिस ने शुरू की जांच

डीएम आवास और उससे जुड़ी करीब 58.14 एकड़ भूमि के अभिलेखों में फर्जीवाड़ा

हमीरपुर/उत्तर प्रदेश। डीएम आवास और उससे जुड़ी करीब 58.14 एकड़ भूमि के अभिलेखों में फर्जीवाड़ा करने के मामले में सदर कोतवाली में तत्कालीन एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार व सदर लेखपाल समेत कुल 13 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। सदर एसडीएम सुक्रमा प्रसाद विश्वकर्मा की तहरीर के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध गलत अभिलेख तैयार करने, बेईमानी व धोखाधड़ी समेत सात धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
डीएम आवास और उससे सटी मेरापुर डांडा की 51.89 एकड़ और भिलावां डांडा की 6.25 एकड़ खेतिहर जमीन को लेकर कई वर्षों से कानूनी लड़ाई चली आ रही है। वर्तमान में मामला हाई कोर्ट में विचाराधीन है। सरकारी पक्ष की ओर से लचर पैरवी से विपक्षीगण इस मुकदमे में भारी साबित हो रहे हैं। इस पर तत्कालीन डीएम चंद्रभूषण त्रिपाठी ने अक्टूबर 2024 में जांच टीम गठित की थी।
टीम की जांच में सामने आया कि विपक्षीगणों को फायदा पहुंचाने के इरादे से अभिलेखों में गड़बड़ी की गई और रिकार्ड उपलब्ध होने के बावजूद कोर्ट में पेश नहीं किया गया। प्रकरण में वर्ष 2004 से लेकर 2007 तक सदर तहसील में कार्यरत रहे एसडीएम विजय कुमार गुप्ता, तत्कालीन तहसीलदार, तत्कालीन नायब तहसीलदार जैनेंद्र सिंह और सदर लेखपाल की भूमिका पर सवाल उठे।
एसडीएम सदर सुक्रमा प्रसाद विश्वकर्मा ने 26 अप्रैल को कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तत्कालीन एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और सदर लेखपाल के साथ ही मुकदमे में पैरवी करने वाले नौ लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
आरोप है कि उक्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने षड्यंत्र कर विपक्षीगण को नाजायज व अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से छल व बेईमानी पूर्वक अवैध लाभ प्राप्त कर कूटरचित अभिलेख तैयार किए तथा सही अभिलेखों को न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किया। लोकसेवक होते हुए सरकारी संपत्ति को बेईमानी से विपक्षीगण को लाभ पहुंचाया गया है। इनके द्वारा करोड़ों की सरकारी भूमि को विपक्षीगण के नाम कराने के लिए भ्रष्टाचार किया गया।
एफआइआर में रमेश कुमार सिंघल, जानकीशरण सिंघल, राधारमण सिंघल निवासीगण स्वरूपनगर, कानपुर, प्रकाश मोहन सिंघल निवासी तिलकनगर पूर्वी कानपुर, सूर्यनारायण निवासी वाराणसी, विवेक कुमार निवासी लखनऊ, विशाल सिंघल, हिमांशु सिंघल, आनंदेश्वर अग्रवाल निवासीगण रमेड़ी को भी नामजद किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button