लोनी बॉर्डर थाने के एसएचओ समेत 35 पुलिसकर्मियों पर दर्ज होगा केस

गाजियाबाद। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) विभांशु सुधीर ने शनिवार को लोनी बॉर्डर थाने के 35 पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया है। इनमें थाने के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र पंवार और विभांशु तोमर भी शामिल हैं। आरोप है कि पुलिसवालों ने महंत मोनू शर्मा और उनकी पत्नी दीपा के खिलाफ फर्जी मामला दर्ज कर दोनों को जेल भिजवाया।
दीपा के वकील अंबरीश कुमार ने बताया कि टीला शाहबाजपुर गांव के मोनू धाम के महंत मोनू शर्मा से गांव के मनीष भाटी, बल्ली और विकास मावी दो लाख रुपये प्रति महीने की रंगदारी मांग रहे थे। छह जुलाई, 2022 को मंदिर में एक गरीब लड़की के शादी समारोह के दौरान ये लोग आए और महंत तथा पत्नी की पिटाई कर सामान लूट ले गए।
उन्होंने शिकायत की तो पुलिस ने उन्हें ही थाने में बैठा लिया। इसके बाद थाने से जाने के लिए कहा और फिर सरकारी काम में बाधा का केस बना दिया। इसी मामले में उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अदालत ने दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद केस दर्ज करने का आदेश दिया है।




