फिल्म अभिनेत्री और पूर्व सांसद जयाप्रदा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी

Non-bailable warrant issued against film actress and former MP Jayapradha

  • मुरादाबाद कोर्ट ने फिल्म अभिनेत्री के खिलाफ दिया बड़ा आदेश
  • आजम खान और अन्य नेताओं पर अभद्र टिप्पणी का है मामला
  • फिल्म अभिनेत्री को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश होने की थी छूट

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश। मुरादाबाद कोर्ट ने फिल्म अभिनेत्री और पूर्व सांसद जयाप्रदा को बड़ा झटका दिया है। पूर्व सांसद के खिलाफ मुरादाबाद की स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है। अभद्र टिप्पणी मामले में उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश होने की अनुमति दी गई थी। इसके बाद भी गुरुवार को वे कोर्ट में पेश नहीं हुईं। इस मामले को कोर्ट ने काफी गंभीरता से लिया है। स्पेशल कोर्ट के जज एमपी सिंह ने पूर्व सांसद की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया। मामले की अगली सुनवाई के लिए 3 अप्रैल की तारीख तय कर दी है।
2019 के लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम डिग्री कॉलेज में समाजवादी पार्टी की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में रामपुर के पूर्व सांसद आजम खान, मुरादाबाद के पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन और अन्य सपा नेता शामिल हुए थे। आरोप है कि इस दौरान जयाप्रदा पर अभद्र टिप्पणी की गई थी। रामपुर निवासी मुस्तफा हुसैन ने इस मामले में आजम खान, डॉ. एसटी हसन, अब्दुल्ला आजम, फिरोज खान, आयोजक मोहम्मद आरिफ और रामपुर के पूर्व चेयरमैन अजहर खां के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
पूर्व सांसद जया प्रदा ने पिछली सुनवाई के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बयान दर्ज कराने की अनुमति मांगी थी। उनके इस अनुरोध को अदालत ने मंजूरी दे दी थी। इसके बाद भी वे गुरुवार को पेश नहीं हुईं, इस पर आरोपी पक्ष ने ऐतराज जताया। एक्ट्रेस की अनुपस्थिति पर सवाल उठाए गए। अब अदालत ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। मामले की सुनवाई 3 अप्रैल को होगी। इस दिन उन्हें कोर्ट में हर हाल में पेश होना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button