दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 7 शूटरों को किया गिरफ्तार
गिरफ्तारी बाबा सिद्दिकी हत्याकांड की जांच के सिलसिले में हुई

सुनील कुमार शर्मा/नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके 7 शूटर्स को गिरफ्तार किया है। यह राजस्थान में किसी को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। यह गिरफ्तारी बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को मुंबई में सनसनीखेज हत्या के कुछ दिन बाद हुई है। बिश्नोई गिरोह ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। अधिकारियों ने बताया कि ये गिरफ्तारी पंजाब और अन्य राज्यों से की गई है और आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद जब्त किया गया है।एक अधिकारी ने बताया कि संदेह है कि आरोपी आरजू बिश्नोई के निर्देश पर राजस्थान में किसी को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। आरजू को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी माना जाता है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या उनका किसी तरह का संबंध बाबा सिद्दीकी हत्याकांड से तो नहीं है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बदमाशों के ठिकानों पर देशभर में छापेमारी की थी। इसी छापेमारी के दौरान इन 7 शूटर्स को गिरफ्तार किया गया। स्पेशल सेल अब इन शूटर्स से बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के बारे में पूछताछ कर रही है। इससे पहले नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के पीछे पड़ी हुई है। एनआईए ने लॉरेंस के भाई, अनमोल बिश्नोई उर्फ भानु पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। अनमोल बिश्नोई पर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल होने का भी आरोप है।
एनआईए ने जेल में बंद कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई के बारे में सूचना देकर उसे गिरफ्तार कराने पर 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। अप्रैल महीने में अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर गोलीबारी मामले में एनआईए को अनमोल बिश्नोई की तलाश है। माना जाता है कि अनमोल बिश्नोई उर्फ भानु कनाडा में रहता है और नियमित रूप से अमेरिका आता-जाता है। अधिकारियों ने कहा कि उसके सिर पर इनाम की घोषणा पिछले महीने की गई थी। उन्होंने कहा कि मुंबई के बांद्रा में बीते 12 अक्टूबर को हुई महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के पीछे कथित रूप से अनमोल का हाथ माना जा रहा है।




