गिरिडीह में घर के अंदर विस्फोट, एक ही परिवार के छह लोग घायल,मची अफरातफरी
Explosion inside a house in Giridih, six people of the same family injured, chaos ensued

गिरिडीह/झारखंड। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शीतलपुर दलित टोला निवासी उमेश दास के घर में रविवार की मध्यरात्रि करीब सवा एक बजे हुए भयंकर विस्फोट में घर के परखच्चे उड़ गए। इस घटना में उमेश दास की सास देवरी के घाेरजों गांव निवासी करीब 62 वर्षीय वेदंती देवी की मौत हो गई जबकि उमेश दास के अलावा उसके ससुर टुकन दास, पत्नी सबिता देवी, पुत्र सन्नी कुमार, संदीप कुमार व पुत्री लक्ष्मी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना में उमेश की सास वेदंती देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इलाज के लिए ले जाने के क्रम में वह दम तोड़ दी थी। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सभी को प्राथमिक उपचार के बाद धनबाद रेफर कर दिया गया। धनबाद से इलाज करने के बाद उमेश की पत्नी सबिता देवी व ससुर टुकन दास को रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। विस्फोट इतना जोरदार हुआ कि पूरा मोहल्ला के अलावा आसपास का क्षेत्र दहल गया। विस्फोट के कारण घर में आग लग गई और धधकने लगी। इससे घरवाले झुलस गए। वहीं दीवार गिरने से भी लोग चोटिल हुए। आसपास के लोगों की मदद से सभी को किसी तरह घर से बाहर निकालते हुए इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी डॉ विमल कुमार, एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, थानेदार श्यामकिशोर महतो, बीडीओ गणेश रजक के अलावा अन्य पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए मामले की तफ्तीश में जुट गए हैं। सुबह में एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पहुंची और विस्फोट वाले स्थान से सैंपल संग्रह कर जांच के लिए ले गई।




