ईडी का असिस्टेंट डायरेक्टर रिश्वत लेते गिरफ्तार, सीबीआई ने बीस लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा
ED Assistant Director arrested while taking bribe, CBI caught him red handed while taking bribe of Rs 20 lakh

नई दिल्ली/एजेंसी। इस वक्त एक चौंकाने वाली ख़बर सामने आ रही है कि सीबीआई की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है और ईडी के असिस्टेंट डायरेक्टर संदीप यादव को 20 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोच लिया है। ईडी हेडक्वार्टर में पोस्टेड संदीप यादव को 20 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक संदीप यादव को लाजपत नगर से गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि मुंबई के एक ज्वेलर ने सीबीआई से ईडी के असिस्टेंट डायरेक्टर के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। वह ईडी में दर्ज मामले में जौहरी के बेटे को राहत देने के एवज में एक जौहरी से रिश्वत ले रहे थे।
सीबीआई को ये शिकायत मिली और उसी पर कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया गया और ईडी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया कर रही है। एफआईआर दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले अगस्त 2023 में सीबीआई ने दिल्ली शराब घोटाला मामले में दिल्ली के बिजनेसमैन अमन ढल्ल को बचाने के लिए 5 करोड़ की रिश्वत लेने के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय के एक सहायक निदेशक सहित 6 अन्य अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया था।




